UP News: लखीमपुर खीरी में भाजपा कार्यकर्ताओं का हंगामा, कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में चल रही राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर देशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को लखीमपुर खीरी में भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और कांग्रेस के जिला कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की।

भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता शहीद नसीरुद्दीन मैदान में जमा हुईं और वहां से नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यालय तक पहुंचीं। कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में घुसकर कुर्सियां तोड़ दीं और गांधी परिवार के नेताओं के पोस्टर व तस्वीरें फाड़ दिए। इतना ही नहीं, उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की तस्वीर को भी उतारकर फेंक दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने टमाटर फेंककर भी अपना गुस्सा जाहिर किया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पूरे हंगामे के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे और उन्होंने कार्यकर्ताओं को रोकने की कोई कोशिश नहीं की। घटना के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें भाजपा का झंडा लिए महिला कार्यकर्ता तोड़फोड़ करती दिख रही हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री पर की गई टिप्पणी बेहद निंदनीय है और वे इसका पुरजोर विरोध करेंगे। वहीं, कांग्रेस ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे राजनीतिक गुंडागर्दी बताया है।
Also Read: ‘बिहार में नाम जोड़ने से ज़्यादा हटाने के आ रहे हैं आवेदन’, SC में चुनाव आयोग का बड़ा खुलासा

