फेस्टिव सीजन से पहले टाटा मोटर्स का बड़ा ऐलान, 1.55 लाख रुपये तक सस्ती होंगी कारें

Sandesh Wahak Digital Desk: त्योहारी सीज़न से ठीक पहले कार खरीदने वालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। टाटा मोटर्स ने अपनी यात्री गाड़ियों की कीमतों में 1.55 लाख रुपये तक की भारी कटौती का ऐलान किया है। यह फैसला 22 सितंबर से लागू होगा।

दरअसल, कुछ दिनों पहले ही जीएसटी परिषद ने गाड़ियों समेत कई चीजों पर टैक्स की दरें कम की थीं। इस बदलाव को देखते हुए टाटा मोटर्स ने ग्राहकों को पूरा फायदा देने का निर्णय लिया है।

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के प्रबंध निदेशक शैलेश चंद्रा ने कहा कि यह कदम प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण और हमारी ‘ग्राहक प्रथम’ सोच के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि कीमतों में यह कटौती लोगों के लिए गाड़ी खरीदना आसान बनाएगी और आधुनिक परिवहन की ओर बदलाव को बढ़ावा देगी।

tata motors

जानिए किस मॉडल पर कितनी कम हुई कीमत

कंपनी के अनुसार, यह कटौती अलग-अलग मॉडलों पर अलग-अलग होगी, जिससे गाड़ियां पहले से ज्यादा किफायती हो जाएंगी।

टियागो (Tiago): इस छोटी हैचबैक कार पर 75,000 रुपये की कटौती होगी।

टिगोर (Tigor): कॉम्पैक्ट सेडान टिगोर की कीमत में 80,000 रुपये की कमी आएगी।

अल्ट्रोज़ (Altroz): लोकप्रिय प्रीमियम हैचबैक अल्ट्रोज़ अब 1.10 लाख रुपये सस्ती हो जाएगी।

पंच (Punch): कॉम्पैक्ट एसयूवी पंच की कीमत में 85,000 रुपये की कटौती होगी।

नेक्सन (Nexon): सबसे ज्यादा बिकने वाली नेक्सन एसयूवी 1.55 लाख रुपये सस्ती हो जाएगी।

कर्व (Curvv): इस मिड-साइज़ मॉडल की कीमत में 65,000 रुपये की कमी आएगी।

हैरियर और सफारी (Harrier & Safari): टाटा की ये प्रीमियम एसयूवी भी सस्ती होंगी। हैरियर पर 1.40 लाख रुपये और सफारी पर 1.45 लाख रुपये की भारी कटौती का फायदा मिलेगा।

जीएसटी में बदलाव के बाद से अब सिर्फ दो टैक्स स्लैब रह गए हैं 5% और 18%। यह नया फैसला नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही लागू होगा, जिससे ग्राहकों को खरीदारी का शानदार मौका मिलेगा।

Also Read: Varanasi News: शिक्षकों का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है – कौशलेंद्र नारायण सिंह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.