मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी, कैंपस में हड़कंप

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के प्रतिष्ठित मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में मंगलवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कॉलेज को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली। धमकी मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने तुरंत दिल्ली पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम, बम निरोधक दस्ता और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। पूरे कैंपस को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस दौरान वहां मौजूद छात्रों, डॉक्टरों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

पुलिस के मुताबिक, यह धमकी भरा ईमेल सुबह कॉलेज के अधिकारियों को मिला था, जिसमें कॉलेज परिसर में बम रखे होने की बात कही गई थी। हालांकि, शुरुआती जांच में यह धमकी भी झूठी लग रही है, लेकिन पुलिस कोई जोखिम नहीं लेना चाहती।

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से दिल्ली में कई बड़े संस्थानों, स्कूलों और कॉलेजों को इसी तरह की झूठी बम धमकियां मिल चुकी हैं। कुछ दिन पहले ही चाणक्यपुरी के जीसस एंड मैरी कॉलेज समेत लगभग 20 कॉलेजों को ऐसे धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे, जो बाद में फर्जी निकले थे।

इससे पहले 21 अगस्त को भी दिल्ली के 6 से ज्यादा स्कूलों को बम की धमकी मिली थी, जिसके बाद उन्हें खाली कराकर तलाशी ली गई थी। पुलिस का मानना है कि ऐसे ईमेल भेजने वाले अपनी पहचान छिपाने के लिए वीपीएन (VPN) का इस्तेमाल करते हैं। फिलहाल, पुलिस ईमेल भेजने वाले की तलाश कर रही है।

Also Read: Varanasi News: पुलिस कार्रवाई से जुआरियों में मचा हड़कंप, कई मौके से फरार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.