लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी बस बनी आग का गोला, चालक की सूझबूझ से बची 39 जानें
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में रविवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से गोंडा जा रही एक यात्री बस (BR28P6333) शॉर्ट सर्किट के कारण आग का गोला बन गई। बस चालक की सूझबूझ से सभी 39 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
चालक की सूझबूझ से बची 39 जानें
घटना रविवार सुबह करीब 4:45 बजे काकोरी थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा से लगभग 500 मीटर पहले हुई। इंस्पेक्टर सतीश राठौर ने बताया कि बस चालक की सूझबूझ के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
चालक ने बताया कि उसने पिछले पहिए से धुआं उठता देखा, तो तुरंत गाड़ी को किनारे लगाकर रोक दिया और तत्काल सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला। चालक-परिचालक और यात्रियों ने मिलकर बस में रखा कुछ सामान भी बाहर निकालने में सफलता पाई।
बस जलकर खाक, यातायात हुआ सुचारु
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक मोबीन अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
चौकी इंचार्ज टोल प्लाजा मोबीन अली ने पुष्टि की कि सभी 39 यात्री सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है। यात्रियों को उनके गंतव्य (गोंडा) तक भेजने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था कर दी गई है। घटना के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित रहा, लेकिन पुलिस और यूपीडा (UPEDA) कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई कर आवागमन को सुचारु करा दिया। आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है।
Also Read: आज गाजियाबाद के बाद हापुड़ दौरे पर सीएम योगी, गढ़ में कार्तिक मेले की तैयारियों का लेंगे जायजा

