Team India Victory Parade: वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया की कब होगी विक्ट्री परेड? BCCI ने लिया बड़ा फैसला
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत की महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को इतिहास रच दिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार वनडे वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। लेकिन अब सबकी निगाहें महिला टीम की विक्ट्री परेड (Victory Parade) पर टिकी हैं।

विक्ट्री परेड की तारीख पर बीसीसीआई ने क्या कहा?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि फिलहाल विक्ट्री परेड को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा —
“अभी तक विक्ट्री परेड की कोई योजना तय नहीं हुई है। मैं और बाकी अधिकारी 4 से 7 नवंबर तक दुबई में होने वाली ICC बैठक में शामिल होंगे। उसके बाद ही इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।”
इससे साफ है कि बीसीसीआई इस बार पूरी तैयारी और सुरक्षा के साथ ही आयोजन करना चाहता है।
RCB की परेड से सबक ले रहा है बोर्ड
दरअसल, जून 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की आईपीएल ट्रॉफी जीत के बाद हुई विक्ट्री परेड के दौरान भारी भीड़ में भगदड़ मच गई थी।
जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी। बीसीसीआई नहीं चाहता कि महिला टीम की सफलता के जश्न में कोई अव्यवस्था हो।
हरमनप्रीत ब्रिगेड की ऐतिहासिक जीत
नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 298 रन बनाए।
-
शेफाली वर्मा – 87 रन
-
दीप्ति शर्मा – 58 रन
-
स्मृति मंधाना – 45 रन
इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 246 रन पर ऑलआउट हो गई। यह भारत के महिला क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है — जिसने 47 साल का इंतजार खत्म कर देश को विश्व चैंपियन बनाया।
एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर भी बोले बीसीसीआई सचिव
देवजीत सैकिया ने यह भी कहा कि एशिया कप 2025 ट्रॉफी विवाद का मामला ICC में उठाया जाएगा। उन्होंने कहा —
“भारत इस ट्रॉफी को उसके सम्मान और अधिकार के साथ वापस लाने की मांग करेगा।”
यह विवाद तब शुरू हुआ था जब भारतीय खिलाड़ियों ने फाइनल जीतने के बाद नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद वह ट्रॉफी लेकर चले गए थे।
अब उम्मीद है कि ICC बैठक के बाद टीम इंडिया की विक्ट्री परेड की तारीख और स्थान को लेकर आधिकारिक ऐलान जल्द किया जाएगा।
Also Read: BCCI का एलान, Womens Cricket World Cup जीतने पर टीम इंडिया को ₹51 करोड़ का नकद इनाम

