Lucknow News: आजम खान ने अखिलेश से की दूसरी मुलाकात, बोले- मैं जानबूझकर रेल की पटरी पर सिर नहीं रखूंगा

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट आ गई है। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री आजम खान ने जेल से रिहा होने के बाद लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव से दूसरी बार मुलाकात की है। इस हाई-प्रोफाइल मीटिंग के बाद आजम खान ने मीडिया से बात करते हुए अपने साथ हुए अन्याय पर खुलकर बात की और कई तीखे बयान दिए।

नाइंसाफी और रेल की पटरी वाला बयान

अखिलेश यादव से मिलने पहुँचे आजम खान ने कहा कि उनके साथ बहुत नाइंसाफी हुई है और वे चाहते हैं कि ऐसा किसी और के साथ न हो। हमारे साथ नाइंसाफी हुई है। लोगों को अदालतों से न्याय मिले। जो एजेंसी मेरे केस की जाँच कर रही है, वह न्याय करे। मेरे साथ, मेरे मिलने वालों के साथ और मेरी बनाई जौहर अली यूनिवर्सिटी के साथ जो किया गया वो किसी के साथ न हो। अपने भविष्य के राजनीतिक रुख पर उन्होंने एक मर्मस्पर्शी बयान दिया, मैं जानबूझकर रेल की पटरी पर सिर नहीं रखूंगा।

नीतीश सरकार पर तंज और ओवैसी से अपील

बिहार चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर आजम खान ने नीतीश कुमार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, बताया जा रहा है बिहार में जंगलराज है। जंगल में आदमी नहीं रहते। मैं जंगलराज में कैसे बिहार जाऊं। उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिए बिना उनसे भावुक अपील की, उनसे अपील है कि हम पर रहम करें, हमें बर्बाद न करें। लोग क्यों चाहते हैं टुकड़े-टुकड़े हो जाएं। बिहार का दूसरा चरण बचा है इसमें नुकसान न पहुंचाएं।

अखिलेश से मुलाकात के मायने

आजम खान का खुद लखनऊ आकर अखिलेश यादव से मिलना कई मायनों में ख़ास है। अखिलेश यादव ने भी इस मुलाकात को साझी विरासत बताते हुए तस्वीरें शेयर कीं। आजम खान ने जता दिया है कि अखिलेश से उनके संबंध आज भी मज़बूत हैं। यह मुलाकात इस बात का भी स्पष्ट संकेत है कि आजम खान घर बैठने वालों में से नहीं हैं और जल्द ही यूपी की राजनीति में उनका बड़ा दखल फिर से देखने को मिल सकता है।

Also Read: अनिल अंबानी ग्रुप से तीसरी गिरफ़्तारी, कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.