अडानी एंटरप्राइजेज का मेगा राइट्स इश्यू, रिकॉर्ड डेट से पहले शेयर में 6% की तेजी

Sandesh Wahak Digital Desk: अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) लिमिटेड के शेयरों में इस हफ्ते करीब 6 फीसदी की तेज़ रफ्तार देखने को मिली है। इसकी मुख्य वजह कंपनी द्वारा 25,000 करोड़ रुपये के मेगा राइट्स इश्यू से जुड़ी सभी प्रमुख जानकारियाँ जैसे- इश्यू प्राइस और रिकॉर्ड डेट का ऐलान है। यह राइट्स इश्यू 2023 में रद्द हुए 20,000 करोड़ के FPO के बाद अडानी ग्रुप की सबसे बड़ी फंडरेजिंग मानी जा रही है।

कितने शेयर और कितनी कीमत?

अडानी एंटरप्राइजेज ने जानकारी दी है कि वह कुल 13,85,01,687 राइट्स इक्विटी शेयर जारी करेगी, जिनकी कुल कीमत लगभग 24,930.30 करोड़ रुपये होगी। दरअसल, राइट्स इश्यू प्राइस- 1,800 रुपये प्रति शेयर है। यह कीमत वर्तमान बाजार भाव से 24% से 28% कम रखी गई है, जिससे निवेशकों को आकर्षक अवसर मिल रहा है। यह शेयर आंशिक रूप से पेड-अप आधार पर जारी होंगे और प्रत्येक शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये होगी।

कंपनी ने राइट्स इश्यू में भाग लेने के लिए 17 नवंबर (सोमवार) को रिकॉर्ड डेट तय की है। यानी इस दिन तक जिन निवेशकों के डीमैट अकाउंट में अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर होंगे, वे इस राइट्स इश्यू का लाभ उठा सकेंगे। कंपनी हर 25 मौजूदा शेयरों पर 3 नए राइट्स शेयर दे रही है। मतलब, यदि आपके पास 25 शेयर हैं, तो आप रियायती दर पर 3 नए शेयर खरीद पाएंगे।

कहाँ खर्च होगा पैसा?

दरअसल राइट्स इश्यू के जरिए जुटाई गई राशि को अडानी एंटरप्राइजेज कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों जैसे- एयरपोर्ट बिजनेस के विस्तार और मज़बूती, इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में निवेश, कंपनी का कर्ज कम करना आदि में निवेश करेगी।

माना जा रहा है कि इस बड़े निवेश से अडानी एंटरप्राइजेज की वित्तीय स्थिति और मज़बूत होगी, साथ ही कंपनी की भविष्य की विकास योजनाओं की रफ्तार भी बढ़ेगी। यह कदम न केवल समूह के विस्तार के लिए अहम है, बल्कि निवेशकों के भरोसे को मजबूती देने वाला भी साबित हो सकता है।

 

Also Read: भारत-कनाडा एफटीए पर फिर शुरू हो सकती है बातचीत, पीयूष गोयल बोले- सभी संभावनाएं खुली हैं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.