कपिल शर्मा के रेस्टोरेंट पर फायरिंग की साजिश नाकाम, दिल्ली क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर मान सिंह को किया गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित रेस्टोरेंट पर फायरिंग की एक बड़ी साज़िश को दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने नाकाम कर दिया है। क्राइम ब्रांच ने इस साज़िश में शामिल एक बड़े गैंगस्टर बंधु मान सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मान सिंह कुख्यात गोल्डी ढिल्लों गैंग से जुड़ा हुआ है और उसके खिलाफ पहले से ही कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
चाइनीज पिस्टल और कारतूस बरामद
क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई के दौरान आरोपी मान सिंह के पास से एक चाइनीज़ पिस्टल और कई ज़िंदा कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती जाँच में सामने आया है कि कपिल शर्मा के रेस्टोरेंट को निशाना बनाने की योजना गैंग द्वारा डर फैलाने और उगाही के उद्देश्य से तैयार की गई थी।
पुलिस अब मान सिंह से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस साज़िश में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके और यह भी जाना जा सके कि फायरिंग की तैयारी किस स्तर तक पहुँच चुकी थी। मामले में गोल्डी ढिल्लों गैंग की भूमिका की गहन जाँच जारी है।

