Saharanpur News: अनियंत्रित कंटेनर कार पर पलटा, एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत
Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में दिल्ली–देहरादून नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा और हृदय विदारक हादसा हो गया। गाँव सैयद माजरा अंडरपास के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर एक कार के ऊपर पलट गया। इस भयानक दुर्घटना में कार में सवार एक ही परिवार के सभी लोग दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बाद में पुष्टि की कि हादसे में सात लोगों की मौत हुई है। मृतकों में महिलाएँ, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। सूचना मिलते ही थाना गागलहेड़ी पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुँची।
पुलिस ने तुरंत क्रेन की मदद से पलटे हुए कंटेनर को हटवाया। कार के नीचे का दृश्य इतना दर्दनाक था कि हर कोई सन्न रह गया। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद कार में फँसे सभी लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक सभी दम तोड़ चुके थे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया और सैयद माजरा गाँव में मातम छा गया है।
ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम
हादसे में सात लोगों की मौत की पुष्टि होने के बाद, गुस्साए ग्रामीणों ने दिल्ली–देहरादून हाईवे पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि अंडरपास के पास लगातार दुर्घटनाएँ हो रही हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक सड़क चौड़ीकरण और स्पीड कंट्रोल के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। विरोध प्रदर्शन के कारण लगभग दो घंटे तक हाईवे पर यातायात पूरी तरह से बाधित रहा।

