योगी सरकार के मिशन $1 ट्रिलियन पर फोकस, कौशल विकास मंत्री ने प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ने के निर्देश
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर तक ले जाने के लक्ष्य को गति देने के उद्देश्य से, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन मुख्यालय, अलीगंज में विभागीय समीक्षा बैठक की। मंत्री अग्रवाल ने युवाओं को केवल प्रशिक्षण देने के बजाय, उन्हें रोजगार से प्रभावी ढंग से जोड़ने पर विशेष बल दिया।

रियल टाइम मॉनिटरिंग और आउटकम ट्रैकिंग पर जोर
मंत्री अग्रवाल ने विभाग की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
आईटीआई और कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षित युवाओं की आउटकम ट्रैकिंग (वे कहाँ कार्यरत हैं, क्या कौशल बढ़ा है) अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए डेटा कैप्चर की गुणवत्ता सुधारने और इसे रियल टाइम मॉनिटरिंग से जोड़ने पर विशेष बल दिया जाए।
सेवा मित्र पोर्टल को उन्नत कर अधिक से अधिक प्रशिक्षित युवाओं को जोड़ने और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सेवा प्रदाताओं के साथ आईटीआई छात्रों का एकीकरण किया जाए ताकि उद्योगों और तकनीकी संस्थानों के बीच संपर्क मजबूत हो और प्रशिक्षित युवाओं को तुरंत रोजगार के अवसर मिलें।

रोजगार अवसर बढ़ाने की योजना
मंत्री ने रोजगार सृजन के लिए एक ठोस रणनीति बनाने पर जोर दिया। सभी राजकीय आईटीआई को अपने औद्योगिक भ्रमणों की नियमित रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराने और औद्योगिक भ्रमण कैलेंडर तैयार कर डेलॉइट को तत्काल साझा करने का निर्देश दिया गया। जिलों में प्लेसमेंट ड्राइव का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाए। नोडल आईटीआई, संयुक्त निदेशक और प्राचार्यों की मासिक बैठकें आयोजित करके वास्तविक चुनौतियों को चिन्हित करने और उनके समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि योगी सरकार कौशल, उद्योग और रोजगार के त्रिकोणीय मॉडल को सुदृढ़ता से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने अधिकारियों को सभी योजनाओं को समयबद्ध ढंग से लागू करने का निर्देश दिया ताकि उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य निर्धारित समय में प्राप्त किया जा सके।
बैठक में प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम, निदेशक कौशल विकास मिशन पुलकित खरे, और डिलाइट के प्रतिनिधि सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

