पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता श्रीप्रकाश जायसवाल का निधन, कानपुर की राजनीति को बड़ी क्षति
Sandesh Wahak Digital Desk: पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्रीप्रकाश जायसवाल का शुक्रवार को लंबी अस्वस्थता के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से निधन हो गया। उन्होंने कानपुर के कॉर्डियोलॉजी संस्थान में अंतिम सांस ली। उनके निधन को कांग्रेस पार्टी और कानपुर के राजनीतिक जगत के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।
तीन बार कानपुर से सांसद रहे जायसवाल
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता और ग्रामीण अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने यह दुखद सूचना साझा की। उन्होंने बताया कि तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पहले किदवई नगर स्थित एक नर्सिंग होम ले जाया गया था, जहाँ से उन्हें कॉर्डियोलॉजी रेफर किया गया। डॉक्टरों ने वहाँ उन्हें मृत घोषित कर दिया।
श्रीप्रकाश जायसवाल का राजनीतिक करियर अत्यंत प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 1999, 2004 और 2009 में लगातार तीन बार कानपुर से लोकसभा चुनाव जीतकर कांग्रेस का परचम बुलंद किया था। सांसद बनने के बाद उन्होंने केंद्र सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 2011 से 2014 तक तीन वर्षों तक कोयला मंत्रालय का महत्वपूर्ण कार्यभार भी संभाला था। उनका निधन कानपुर की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

