शीतलहर का सितम: कुशीनगर डीएम ने रैन बसेरों का लिया जायजा, जरूरतमंदों को बांटे कंबल
Sandesh Wahak Digital Desk: कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए कुशीनगर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर शनिवार को एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने प्रशासनिक अमले के साथ पडरौना शहर के विभिन्न रैन बसेरों और अलाव स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर असहायों और श्रमिकों को कंबल वितरित किए।

निरीक्षण और सुविधाओं का जायजा
जिलाधिकारी ने पडरौना रेलवे स्टेशन, सुभाष चौक और तिलक चौक का भ्रमण कर अलाव की व्यवस्थाओं को परखा। रैन बसेरों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि वहां ठहरे लोगों से संवाद कर भोजन, पानी और बिस्तर की गुणवत्ता पूछी। अधिकारियों को रैन बसेरों में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी: डीएम
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले में कोई भी व्यक्ति ठंड में असुरक्षित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से अलाव जलाए जाएं। अलाव के लिए लकड़ी की आपूर्ति में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। प्रशासन की प्राथमिकता है कि ठंड के मौसम में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी (BDO) और नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) सहित अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: लखनऊ में ‘अटल शताब्दी भारत भूषण सम्मान’ की धूम, 101 विभूतियों को किया गया सम्मानित

