Prayagraj News: सतुआ बाबा के चक्कर में न पड़ो, डिप्टी CM ने दी DM को नसीहत

Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा को खुले मंच से फटकार लगाई है। डिप्टी सीएम ने डीएम को नसीहत देते हुए कहा कि सतोष दास उर्फ सतुआ बाबा के चक्कर में न पड़ो। जब केशव प्रसाद मौर्य ने यह बात कही तो वहां मौजूद लोगों के बीच हंसी के ठहाके गूंज उठे और माहौल कुछ देर के लिए हल्का हो गया, लेकिन इस टिप्पणी के राजनीतिक और प्रशासनिक मायने गहरे माने जा रहे हैं।

लखनऊ तक वायरल वीडियो की गूंज 

दरअसल, बीते बुधवार को प्रयागराज के खाक चौक स्थित संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा के शिविर से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा को चूल्हे पर रोटी सेंकते हुए देखा गया था। यह वीडियो देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया और इसकी गूंज प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक पहुंच गई। प्रशासनिक हलकों में भी इसे लेकर सवाल उठने लगे थे।

औचक निरीक्षण में कसा गया पेंच

इसी वायरल वीडियो की पृष्ठभूमि में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य माघ मेले की तैयारियों का औचक निरीक्षण करने प्रयागराज पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डीएम मनीष वर्मा को सीधे तौर पर नसीहत देते हुए कहा कि सतुआ बाबा के शिविर में रोटी बनाना छोड़िए और उन साधु-संतों की ओर भी ध्यान दीजिए, जिन्हें अब तक मेले में जमीन और जरूरी सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं। डिप्टी सीएम के इस बयान को प्रशासनिक प्राथमिकताओं की याद दिलाने के तौर पर देखा जा रहा है।

कौन हैं संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा

संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा वाराणसी के मणिकर्णिका घाट से जुड़े संत हैं। वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी माने जाते हैं और कुंभ-माघ मेले के दौरान बड़े शिविर लगाते हैं। उनके शिविर को लेकर पहले भी भूमि आवंटन से जुड़े विवाद सामने आ चुके हैं। अब प्रयागराज के डीएम द्वारा उनके शिविर में रोटी सेंके जाने का वीडियो सामने आने के बाद सतुआ बाबा एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं।

इस पूरे घटनाक्रम ने प्रयागराज प्रशासन की भूमिका, प्राथमिकताओं और माघ मेले की व्यवस्थाओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है, जिससे यह मामला सिर्फ एक वायरल वीडियो तक सीमित न रहकर व्यापक चर्चा का विषय बन गया है।

 

Also Read: Varanasi News: फाइनल मुकाबले में शीएट कॉलेज बना चैंपियन, लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज को 10 विकेट से दी मात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.