टी20 वर्ल्ड कप 2026 की प्लानिंग पर अश्विन का सवाल, ICC की रणनीति को बताया बकवास!

Sandesh Wahak Digital Desk: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर जहां क्रिकेट जगत में तैयारियां तेज हैं, वहीं पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने टूर्नामेंट की योजना पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अश्विन ने आईसीसी की प्लानिंग को लेकर खुलकर नाराजगी जताई और कहा कि इस बार का टी20 वर्ल्ड कप दर्शकों को ज्यादा आकर्षित नहीं कर पाएगा।

भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाला आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 आगामी 7 फरवरी से शुरू होगा। इस टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें पांच ग्रुप में बांटा गया है।

भारतीय टीम ग्रुप ए में है, जहां उसके साथ पाकिस्तान, अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड्स जैसी टीमें शामिल हैं।

R Ashwin

“ऐसे मुकाबले टूर्नामेंट से दूर कर देंगे” – अश्विन

अपने यूट्यूब चैनल ‘ऐश की बात’ पर बातचीत के दौरान अश्विन ने कहा, “इस बार का टी20 वर्ल्ड कप देखने शायद कोई नहीं जाएगा। भारत-अमेरिका या भारत-नामीबिया जैसे मैच फैंस को टूर्नामेंट से दूर कर देंगे। पहले वर्ल्ड कप चार साल में एक बार आता था, तब उसका क्रेज अलग ही होता था।”

अश्विन ने 1996, 1999 और 2003 के वर्ल्ड कप का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में टूर्नामेंट खास हुआ करता था और फैंस शेड्यूल कार्ड तक संभालकर रखते थे, लेकिन अब विश्व कप की अहमियत कम होती जा रही है।

शुरुआती रोमांच की कमी पर चिंता

अश्विन का मानना है कि अगर शुरुआती दौर में भारत की भिड़ंत इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया या श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों से होती, तो टूर्नामेंट का रोमांच शुरू से ही बन जाता।

उन्होंने कहा, “सुपर-8 तक आते-आते चीजें सुस्त पड़ जाएंगी। शुरुआती दौर में ही बड़े मुकाबले नहीं होंगे, तो फैंस का उत्साह कम हो जाएगा।”

वनडे क्रिकेट के भविष्य पर भी जताई चिंता

टी20 वर्ल्ड कप के अलावा अश्विन ने वनडे क्रिकेट के भविष्य को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि 2027 वनडे विश्व कप के बाद आईसीसी को इस फॉर्मेट पर गंभीरता से विचार करना पड़ सकता है।

अश्विन के मुताबिक, क्रिकेट फैंस तेजी से टी20 की ओर बढ़ रहे हैं, टेस्ट क्रिकेट को अब भी सीमित दर्शक मिल रहे हैं, लेकिन वनडे क्रिकेट का भविष्य सबसे ज्यादा संकट में है।

अश्विन के इस बयान ने आईसीसी की टूर्नामेंट संरचना और भविष्य की रणनीति पर एक नई बहस छेड़ दी है।

Also Read: Vijay Hazare Trophy: सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज़ों की सूची, नाम जानकर होंगे हैरान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.