सिद्धार्थनगर के हर तहसील में बनेंगे स्थायी हेलीपैड, सीएम योगी का आदेश, 1 हफ्ते में दें निशुल्क जमीन
Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद सिद्धार्थनगर के दूरदराज के इलाकों को अब सीधी हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने की तैयारी पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ताजा निर्देशों के बाद जिले की सभी 5 तहसीलों और 14 विकास खंडों (ब्लॉकों) में स्थायी हेलीपैड बनाए जाएंगे। जिला प्रशासन को एक सप्ताह के भीतर इसके लिए उपयुक्त और निशुल्क भूमि चिन्हित कर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
प्रशासनिक अमला हुआ सक्रिय
मुख्यमंत्री के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद जिलाधिकारी ने जिले के सभी उपजिलाधिकारियों (SDM) और खंड विकास अधिकारियों (BDO) को अलर्ट मोड पर डाल दिया है। निर्देश स्पष्ट हैं कि तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों के नजदीक ऐसी जमीन तलाशें जो तकनीकी रूप से हेलीपैड के लिए उपयुक्त हो और जिस पर कोई कानूनी विवाद न हो।

क्यों जरूरी है यह योजना?
सरकार का मानना है कि तहसील और ब्लॉक स्तर पर हेलीपैड होने से कई बड़े फायदे होंगे।
बाढ़ या किसी अन्य प्राकृतिक आपदा के समय राहत सामग्री पहुँचाने और रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी आएगी।
मुख्यमंत्री या अन्य वीआईपी दौरों के समय अस्थाई हेलीपैड बनाने के खर्च और समय की बचत होगी।
सिद्धार्थनगर जैसे बौद्ध पर्यटन स्थल वाले जिले में इससे विदेशी पर्यटकों और निवेशकों का आना-जाना आसान होगा।
चुनौतियां और संभावनाएं
जानकारों का मानना है कि यह योजना दूरदराज के इलाकों के लिए गेम-चेंजर साबित होगी। हालांकि, सबसे बड़ी चुनौती जमीन आवंटन और फिर सरकार से फंड की तुरंत स्वीकृति मिलना है। कुछ स्थानों पर जमीन की उपलब्धता को लेकर पेंच फंस सकता है, लेकिन प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर काम शुरू कर दिया है।
सिद्धार्थनगर के साथ-साथ प्रदेश के अन्य जिलों में भी डिप्टी सीएम की मंशा के अनुरूप इस कार्ययोजना पर काम चल रहा है, ताकि उत्तर प्रदेश का हर कोना आधुनिक परिवहन सेवाओं से जुड़ सके।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: सिद्धार्थनगर डीएम का कड़ा एक्शन: गौशाला निरीक्षण में पशु चिकित्सक की मिली लापरवाही, रोका गया वेतन

