वोटर लिस्ट में नाम है या नहीं? अब खुद करें चेक; एक ‘क्लिक’ में मिलेगी पूरी जानकारी
पडरौना, कुशीनगर: उत्तर प्रदेश में हाल ही में 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR 2026) के तहत कच्ची मतदाता सूची (Draft Electoral Roll) जारी कर दी गई है। अगर आप यह जानना चाहते हैं कि आगामी चुनावों के लिए आपका नाम सूची में शामिल है या नहीं, तो निर्वाचन आयोग ने इसे बेहद आसान बना दिया है।
कैसे चेक करें अपना नाम?
जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के अनुसार, आप नीचे दी गई प्रक्रिया से अपना विवरण देख सकते हैं।
वेबसाइट पर जाएं: सबसे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन करें।
SIR 2026 लिंक: होमपेज पर आपको ‘स्पेशल इनटेंसिव रिवीजन (SIR) 2026’ का विकल्प दिखेगा, उस पर क्लिक करें।
पॉप-अप विंडो: क्लिक करते ही एक नई विंडो खुलेगी, जहां ‘सर्च योर नेम बाय इपिक नंबर’ (Search Your Name by EPIC Number) का विकल्प मिलेगा।
पहचान पत्र नंबर डालें: यहां अपने वोटर आईडी कार्ड (EPIC) का नंबर दर्ज करें।
क्या होगा परिणाम?
अगर नाम सूची में है तो आपकी स्क्रीन पर आपके राज्य, जिले और विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ आपके मतदान केंद्र (बूथ) का नाम और मतदाता सूची में आपकी क्रम संख्या दिखाई देगी। यदि आपका नाम सूची में शामिल नहीं है, तो स्क्रीन पर ‘नो रिजल्ट फाउंड’ (No Result Found) लिखा आएगा।
नाम न होने पर क्या करें?
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभी प्रारूप (कच्ची) सूची है। यदि आपका नाम ‘नो रिजल्ट फाउंड’ दिखा रहा है, तो आपके पास अभी भी मौका है। आप संबंधित फॉर्म भरकर अपना नाम जुड़वाने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।
यह डिजिटल पहल पारदर्शिता बढ़ाने और मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए शुरू की गई है। कुशीनगर प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपना नाम चेक कर लें।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: अमिताभ ठाकुर को CPR देते हुए लाया गया लखनऊ PGI, देवरिया जेल में बिगड़ी थी तबीयत

