UPI चार्ज पर कांग्रेस का अनोखा अभियान, BJP नेताओं को ‘गिफ्ट’ में देगी ₹2000 से ज्यादा का सामान

UP Congress Gift Campaign Against UPI Charges: यूपी में UPI भुगतान पर प्रस्तावित शुल्क का मुद्दा अब राजनीतिक अभियान का रूप लेता दिख रहा है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को प्रदेशभर में ‘गिफ्ट’ अभियान चलाने का फैसला किया है। इसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता व्यापारियों के साथ भाजपा और उसके सहयोगी दलों के सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के आवास पर पहुंचेंगे।

पार्टी के निर्देश के मुताबिक, बाजार से 2,000 रुपये से अधिक कीमत का ऐसा सामान खरीदा जाएगा, जिस पर प्रस्तावित UPI शुल्क व्यवस्था लागू होती है। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उनके नाम ‘गिफ्ट’ के तौर पर भाजपा नेताओं को सौंपा जाएगा।

भाजपा नेताओं के घर जाकर उठाएंगे मुद्दा

UP Congress का कहना है कि नए UPI शुल्क ढांचे से व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। पार्टी ने इसी मुद्दे को व्यापारियों के बीच उठाने और भाजपा नेताओं के सामने अपना विरोध दर्ज कराने की रणनीति बनाई है।

कांग्रेस के अनुसार, डिजिटल भुगतान व्यवस्था आम लोगों और छोटे-मझोले कारोबारियों के लिए आसान और सुलभ बनी रहनी चाहिए। अभियान के तहत जिले के सांसद, विधायक और मंत्रियों के घर पहुंचकर 2,000 रुपये से अधिक का सामान गिफ्ट किया जाएगा।

गौरतलब है कि 15 अक्टूबर से 2,000 रुपये से अधिक के चुनिंदा व्यापारी UPI लेनदेन पर 0.4% Merchant Discount Rate (MDR) लागू होने की व्यवस्था घोषित की गई है। यह शुल्क व्यापारी पक्ष पर है, ग्राहकों पर सीधे नहीं।

बारकोड के जरिए लोगों को बताएंगे प्रावधान

प्रदेश कांग्रेस (UP Congress) ने कार्यकर्ताओं को अभियान से जुड़े बारकोड की 8 से 10 प्रतियां साथ रखने के निर्देश दिए हैं। इनके जरिए व्यापारियों और आम लोगों को UPI शुल्क से जुड़े प्रावधानों की जानकारी देने की बात कही गई है।

कार्यक्रम पूरा होने के बाद जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों से इसकी रिपोर्ट भी मांगी गई है। इस तरह कांग्रेस ने UPI शुल्क के मुद्दे को सीधे भाजपा नेताओं और व्यापारियों के बीच ले जाने की तैयारी की है।

Also Read: आगरा में सपा के अंदर घमासान! मोनिका नाज खान ने छोड़ा पद, अखिलेश को 3 दिन का अल्टीमेटम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.