खामेनेई ने ट्रंप पर साधा निशाना, बोले- अपना देश संभालें, हमें डराने की कोशिश न करें
Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने शुक्रवार को राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में दुश्मनों और प्रदर्शनकारियों पर जमकर निशाना साधा। खामेनेई ने देश में हो रहे विरोध प्रदर्शनों को अमेरिका और इजरायल की सोची-समझी साजिश करार दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि विदेशी ताकतों के लिए किराए के सैनिक (Mercenaries) के रूप में काम करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
डोनाल्ड ट्रंप पर साधा सीधा निशाना
खामेनेई ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे ईरान के आंतरिक मामलों में दखल देने के बजाय अपने देश की समस्याओं पर ध्यान दें। उन्होंने कहा, कुछ दंगाई सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाकर अमेरिकी राष्ट्रपति को खुश करने की कोशिश कर रहे हैं। ट्रंप को ईरान की फिक्र छोड़ अपने देश की चिंता करनी चाहिए। ईरान किसी भी विदेशी दबाव के आगे नहीं झुकने वाला।
सर्वोच्च नेता ने देश के युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें एकजुट रहने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा, एक एकजुट राष्ट्र किसी भी दुश्मन को धूल चटा सकता है। अपने देश और लोगों की रक्षा करना कोई आक्रमण नहीं, बल्कि साम्राज्यवाद के सामने खड़ा होना सबसे बड़ा साहस है।
विरोध प्रदर्शनों पर सख्त रुख अपनाते हुए खामेनेई ने कहा कि प्रदर्शनकारी दूसरे देश के राष्ट्रपति को खुश करने के लिए अपनी ही सड़कों और संपत्तियों को बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर विदेशी एजेंटों की ये हरकतें जारी रहीं, तो उन्हें इसका भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा। एक समाचार के मुताबिक, खामेनेई ने साफ किया कि विदेशी समर्थित आतंकी एजेंटों के लिए ईरान में कोई जगह नहीं है।

