भारत की सख्ती के आगे झुका X, हटाए 600 से ज्यादा अकाउंट्स और 3500 पोस्ट्स पर लगाया बैन

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत सरकार द्वारा अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री को लेकर दी गई कड़ी चेतावनी के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ ने स्वीकार किया है कि उसकी कंटेंट कंट्रोल प्रक्रिया में कमियां थीं। कंपनी ने अब सरकारी नियमों के पालन का भरोसा देते हुए बड़े स्तर पर सफाई अभियान शुरू कर दिया है।

विवाद की मुख्य जड़ ‘X’ का एआई टूल ‘Grok’ था। सरकार को शिकायतें मिली थीं कि इस टूल के जरिए अश्लील और आपत्तिजनक तस्वीरें बनाई और फैलाई जा रही थीं। अपनी गलती सुधारते हुए ‘X’ ने अब तक लगभग 3,500 पोस्ट्स को ब्लॉक कर दिया है और 600 से अधिक खातों को हमेशा के लिए बंद कर दिया है। कंपनी ने साफ कहा है कि भविष्य में प्लेटफॉर्म पर किसी भी तरह की अश्लील या यौन उत्तेजक इमेज को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इससे पहले सरकार ने ‘X’ द्वारा दिए गए जवाब को ‘अपर्याप्त’ बताते हुए खारिज कर दिया था। सरकार ने पूछा था कि ‘Grok AI’ से पैदा हो रही गंदगी को रोकने के लिए कंपनी ने ठोस कदम क्या उठाए हैं? ‘X’ ने पहले एक बहुत लंबा जवाब भेजा था, जिसमें नीतियों की बातें तो थीं, लेकिन Grok AI के दुरुपयोग पर कोई ठोस एक्शन प्लान नहीं था। 2 जनवरी को सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा था कि एआई सेवाओं के जरिए यौन सामग्री बनाना कानूनन जुर्म है और प्लेटफॉर्म इसके लिए जिम्मेदार होगा।

विवाद बढ़ता देख ‘X’ के आधिकारिक ‘सेफ्टी’ हैंडल ने स्पष्ट किया है कि वे अवैध सामग्री, खासकर बाल यौन शोषण (CSAM) के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हैं। मस्क के रुख को दोहराते हुए कंपनी ने कहा, जो भी व्यक्ति Grok का इस्तेमाल अवैध कंटेंट बनाने के लिए करेगा, उसे वही सजा मिलेगी जो सीधे तौर पर गैर-कानूनी फोटो अपलोड करने वालों को मिलती है।

Also Read: वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज का संकल्प, मादुरो की वापसी तक चैन से नहीं बैठूंगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.