पीएम मोदी ने मनाया पोंगल, बोले- पूरी दुनिया में गूंज रही है तमिल संस्कृति की धमक

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित पोंगल समारोह में शिरकत की। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे प्रधानमंत्री ने न केवल उत्सव का आनंद लिया, बल्कि तमिल संस्कृति की महानता और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी पर दिल छू लेने वाली बातें भी कहीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पोंगल अब केवल भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह एक ग्लोबल फेस्टिवल बन चुका है। पीएम ने कहा, दुनिया भर में तमिल संस्कृति से प्रेम करने वाले लोग इसे उत्साह से मनाते हैं, और मैं भी उन्हीं में से एक हूं। तमिल संस्कृति दुनिया की सबसे प्राचीन जीवित सभ्यताओं में से एक है, जो सदियों को आपस में जोड़ती है। उन्होंने जोर दिया कि यह पर्व हमारे अन्नदाताओं (किसानों) की कड़ी मेहनत और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।

भरी रहे थाली, भरी रहे जेब और सुरक्षित रहे धरती

भविष्य की चुनौतियों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने एक नया मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य तीन बातों पर होना चाहिए। हमारी थाली अन्न से भरी रहे। हमारी जेब भी भरी रहे। हमारी धरती पूरी तरह सुरक्षित रहे। उन्होंने आगे कहा कि प्रकृति के प्रति आभार सिर्फ बातों में नहीं, बल्कि हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा होना चाहिए। मिट्टी की सेहत सुधारना और पानी बचाना अगली पीढ़ी के लिए हमारा सबसे बड़ा उपहार होगा।

तमिल विरासत से पीएम का गहरा जुड़ाव

पीएम मोदी ने पिछले एक साल के अपने अनुभवों को याद करते हुए बताया कि कैसे वह तमिल विरासत के करीब रहे हैं। उन्होंने एक हजार साल पुराने गंगई कोंडा चोलपुरम मंदिर में प्रार्थना करने के अनुभव को सुखद बताया। वाराणसी में हुए इस भव्य कार्यक्रम के जरिए उन्होंने उत्तर और दक्षिण के सांस्कृतिक मिलन को महसूस किया।

एक भारत-श्रेष्ठ भारत का प्रतीक

प्रधानमंत्री ने अंत में कहा कि तमिल संस्कृति पूरे भारत की साझा विरासत है। पोंगल जैसे त्योहार एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना को और अधिक सशक्त बनाते हैं और हमें परिवार, समाज व प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखना सिखाते हैं।

Also Read: Meerut News: स्पा सेंटरों के नाम पर चल रहा ऑनलाइन फ्लैश ट्रेड का भंडाफोड़, 20 युवतियों समेत एक युवक गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.