लखनऊ: इकाना के पीछे सजेगा ‘पक्षियों का संसार’, वेटलैंड की बायो-डायवर्सिटी मैपिंग के निर्देश
Sandesh Wahak Digital Desk: नवाबों के शहर लखनऊ में पर्यावरण प्रेमियों और पक्षी प्रेमियों के लिए एक शानदार खबर है। सीजी सिटी (CG City) स्थित इकाना स्टेडियम के पीछे विकसित वेटलैंड (आर्द्रभूमि) को अब और भी वैज्ञानिक और व्यवस्थित तरीके से संवारा जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बुधवार को एक अहम बैठक में इस वेटलैंड के संरक्षण और विकास के लिए कई बड़े फैसले लिए।

बनेगा जीव-जंतुओं और वनस्पतियों का ‘कैटलॉग’
वेटलैंड की असली खूबसूरती वहां मौजूद विविधता में होती है। प्राधिकरण ने अब इसकी बायो-डायवर्सिटी मैपिंग कराने का फैसला किया है। इसके जरिए यहां मौजूद दुर्लभ पेड़-पौधों, प्रवासी पक्षियों, जलीय जीवों और अन्य प्रजातियों की पहचान की जाएगी। पहचान के बाद एक विस्तृत कैटलॉग (सूची) बनाई जाएगी, जिससे पर्यटकों और शोधकर्ताओं को यहां की जैव-विविधता समझने में आसानी होगी।

विदेशी मेहमानों (प्रवासी पक्षियों) का बना ठिकाना
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि यह 37 एकड़ का क्षेत्र अब ईको-टूरिज्म का एक प्रमुख केंद्र बन चुका है। वर्तमान में बड़ी संख्या में विदेशी प्रवासी पक्षियों ने यहाँ डेरा डाल रखा है। इन पक्षियों के प्राकृतिक वास को सुरक्षित रखने के लिए ‘गोमती टास्क फोर्स’ और ‘टर्टल सर्वाइवल एलायंस’ (TSA) की मदद से पानी की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर खास नजर रखी जा रही है।
अतिक्रमण रोकने के लिए होगा डिमार्केशन (सीमांकन)
इतने बड़े और बेशकीमती क्षेत्र को अतिक्रमण से बचाने के लिए एलडीए अब सख्त कदम उठा रहा है। राजस्व रिकॉर्ड्स के आधार पर वेटलैंड के पूरे 37 एकड़ क्षेत्रफल की पैमाइश की जाएगी। डिमार्केशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्थल पर बाउंड्री या चिन्ह लगाकर सुरक्षित किया जाएगा, ताकि भविष्य में कोई अवैध कब्जा न हो सके।

वन विभाग से आएंगे 2 ‘विशेषज्ञ’
वेटलैंड के वैज्ञानिक रखरखाव के लिए वन विभाग के माध्यम से दो विशेषज्ञों की तैनाती की जाएगी। ये एक्सपर्ट्स निम्नलिखित कार्यों की निगरानी करेंगे।
वेस्ट मैनेजमेंट: कचरे का सही निपटान।
जल शुद्धीकरण: प्राकृतिक जल प्रवाह को बनाए रखना और पानी को साफ रखना।
पर्यावरण संतुलन: पारिस्थितिकी तंत्र (Ecosystem) को बिगड़ने से बचाना।
बैठक में ये रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, वन विभाग के एसडीओ चंदन चौधरी और टीएसए के प्रतिनिधि डॉ. सौरभ दीवान समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read: फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना पड़ा भारी, लखनऊ के रहीमाबाद से युवक गिरफ्तार

