लखीमपुर खीरी: 5 हजार रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार, मेड़बंदी के नाम पर मांगी थी रकम

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम के तहत ‘एंटी करप्शन ऑर्गेनाइजेशन’ (भ्रष्टाचार निवारण संगठन) ने आज एक और घूसखोर अधिकारी को बेनकाब किया है। लखीमपुर खीरी की मोहम्मदी तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) भूपेन्द्र कुमार सिंह को टीम ने 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, मोहम्मदी तहसील के बजारगंज निवासी घनश्याम पाठक अपनी जमीन की ‘मेड़बंदी’ (सीमांकन) करवाने के लिए काफी समय से परेशान थे। आरोप है कि राजस्व निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार सिंह इस सरकारी काम के बदले में उनसे अवैध धनराशि की मांग कर रहे थे। रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर घनश्याम ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन की लखनऊ इकाई से की।

जाल बिछाकर की गई गिरफ्तारी

शिकायत मिलते ही एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। गुरुवार को जैसे ही भूपेन्द्र कुमार सिंह ने कस्बे के पूर्वी लखपेड़ा इलाके के पास शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये की रिश्वत ली, निरीक्षक निखिल श्रीवास्तव के नेतृत्व में मौजूद टीम ने उन्हें रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपी अधिकारी मूल रूप से लखीमपुर के ही पहाड़पुरवा का रहने वाला है।

विधिक कार्रवाई जारी

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के महानिदेशक राजीव कृष्ण के सख्त निर्देशों के बाद हुई इस कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया है। फिलहाल आरोपी राजस्व निरीक्षक को हिरासत में लेकर विधिक कार्यवाही की जा रही है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जनता के काम में अड़ंगा डालने वाले और रिश्वतखोरी करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

Also Read: लखनऊ: LDA की बड़ी कार्रवाई, 93 लाख का किराया डकारने पर ‘हुसैनाबाद फूड कोर्ट’ सील

Get real time updates directly on you device, subscribe now.