साउथ सुपरस्टार Dhanush की बढ़ी मुश्किलें, मिला कानूनी नोटिस
Sandesh Wahak Digital Desk: साउथ सुपरस्टार धनुष (Dhanush) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। फिल्म ‘तेरे इश्क में’ से जुड़े रहने वाले धनुष इन दिनों कानूनी विवाद में फंसते नजर आ रहे हैं। एक प्रोडक्शन हाउस ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजते हुए 20 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। बताया जा रहा है कि यह मामला साल 2016 में साइन की गई एक फिल्म से जुड़ा हुआ है, जिसकी शूटिंग लंबे समय से शुरू नहीं हो सकी और इससे मेकर्स को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
थेनांडल फिल्म्स ने भेजा कानूनी नोटिस
दरअसल धनुष (Dhanush) को यह कानूनी नोटिस थेनांडल फिल्म्स की ओर से भेजा गया है। प्रोडक्शन हाउस का आरोप है कि धनुष ने साल 2016 में उनके साथ फिल्म ‘नान रुद्रन’ साइन की थी, लेकिन फिल्म की शूटिंग कभी शुरू ही नहीं हो सकी। कंपनी के वकील ए. चिदंबरम ने नोटिस में कहा कि शुरुआत में धनुष ने फिल्म को डायरेक्ट करने का वादा किया था, लेकिन बाद में यह प्लान बदल गया।
20 करोड़ हर्जाने की मांग
नोटिस में यह भी बताया गया कि प्रोडक्शन हाउस ने डायरेक्शन प्लान में बदलाव को मंजूरी दे दी थी। इसके बावजूद आरोप लगाया गया कि धनुष ने स्क्रीनप्ले का काम पूरा नहीं किया, जिससे प्रोजेक्ट बीच में ही अटक गया। नोटिस में यह भी कहा गया कि फिल्म का काम पूरा किए बिना धनुष (Dhanush) ने दूसरी फिल्मों को कॉल शीट्स दे दीं। इस वजह से प्रोडक्शन हाउस को भारी आर्थिक नुकसान हुआ, जिसे रिकवर करने के लिए 20 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की गई है।
Dhanush की ओर से नहीं आया कोई बयान
नोटिस में यह चेतावनी भी दी गई है कि अगर तय समय के अंदर मांग पूरी नहीं की गई तो आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अभी तक धनुष (Dhanush) की तरफ से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसी बीच धनुष ने अपनी नई फिल्म का ऐलान भी किया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस कानूनी विवाद का उनकी आने वाली फिल्मों पर क्या असर पड़ता है।
Also Read: Rajpal Yadav के मुश्किल वक्त में इस पुराने दोस्त ने बढ़ाया हाथ

