मेरठ ANTF की बड़ी कार्रवाई, 29 लाख के गांजे के साथ दिल्ली और बिहार के 3 तस्कर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की मेरठ यूनिट को नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। टीम ने गाजियाबाद-बुलंदशहर रोड पर घेराबंदी कर तीन सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ है।

29 लाख का गांजा बरामद

पुलिस के आला अधिकारियों के निर्देशन में चलाए गए इस ऑपरेशन में तस्करों के पास से 57 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 29 लाख रुपये बताई जा रही है। गांजे के अलावा पुलिस ने उनके पास से 3 मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी जब्त की है।

बंगाल से लाकर दिल्ली-NCR में करते थे सप्लाई

पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे सभी आपस में पार्टनर हैं और मादक पदार्थों की यह खेप पश्चिम बंगाल से लेकर आते हैं। बरामद माल को वे गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में घूम-फिरकर फुटकर (Retail) में बेचते थे। बुधवार को भी वे माल की सप्लाई करने ही जा रहे थे कि रास्ते में पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

कौन हैं पकड़े गए तस्कर?

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में दिल्ली और बिहार के लोग शामिल हैं।

अक्छन खान: निवासी शालीमार बाग, दिल्ली।

गुलाम हैदर: निवासी दरभंगा, बिहार।

अमन हैदर: निवासी दरभंगा, बिहार।

कानूनी कार्रवाई

यह गिरफ्तारी 18 फरवरी को गाजियाबाद के थाना वेब सिटी इलाके में राज कंपाउंड के सामने से हुई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

Also Read: ‘पेंशन बढ़ाए सरकार, वरना दिल्ली में देंगे दस्तक’, बाराबंकी में लोकतंत्र सेनानियों की हुंकार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.