T20 World Cup 2026: बिना जीत के बाहर हुईं टीमें, फिर भी ICC से मिलेंगे करोड़ों रुपये
Sandesh Waahak Digital Desk: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ग्रुप चरण कई टीमों के लिए निराशाजनक साबित हुआ। टूर्नामेंट में शामिल 20 टीमों में से ग्रुप स्टेज के बाद 12 टीमें बाहर हो चुकी हैं।
इनमें तीन ऐसी टीमें भी रहीं, जो चारों मुकाबले हार गईं और एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकीं। इसके बावजूद ये टीमें खाली हाथ नहीं लौटेंगी, क्योंकि International Cricket Council (ICC) की ओर से उन्हें करोड़ों रुपये की प्राइज मनी मिलेगी।
इन टीमों को नहीं मिली एक भी जीत
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में Oman, Namibia और Canada ऐसी टीमें रहीं, जो जीत का खाता नहीं खोल सकीं। नामीबिया को भारत, पाकिस्तान, नीदरलैंड और USA के खिलाफ हार झेलनी पड़ी।

कनाडा को साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान और UAE से पराजय मिली। वहीं ओमान को जिम्बाब्वे, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इन तीनों के अलावा बाकी सभी टीमों ने कम से कम एक मुकाबला जरूर जीता।
बिना जीत के भी मिलेगा करोड़ों का इनाम
हालांकि, प्रदर्शन कमजोर रहा, लेकिन ICC की प्राइज मनी नीति के तहत इन टीमों को आर्थिक लाभ मिलना तय है।
पिछले संस्करण के अनुसार, 13वें से 20वें स्थान पर रहने वाली प्रत्येक टीम को लगभग 2 करोड़ रुपये (करीब 2.25 लाख अमेरिकी डॉलर) की प्राइज मनी दी जाती है।
ऐसे में ओमान, नामीबिया और कनाडा को भी कम से कम 2-2 करोड़ रुपये मिलने तय माने जा रहे हैं।
क्रिकेट विकास में मिलेगी मदद
ये तीनों टीमें एसोसिएट नेशन हैं, जिनके लिए इस तरह के बड़े टूर्नामेंट अनुभव हासिल करने का मंच होते हैं।
ICC से मिलने वाली यह प्राइज मनी इनके क्रिकेट ढांचे को मजबूत करने, खिलाड़ियों के विकास और भविष्य के टूर्नामेंट की तैयारी में अहम भूमिका निभाएगी।

