T20 World Cup जीत के बाद विवादों में हार्दिक पंड्या, गर्लफ्रेंड माहिका के साथ एक फोटो बनी वजह
Sandesh Wahak Digital Desk: टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बाद जहां देशभर में जश्न का माहौल है, वहीं स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या एक विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं।
टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के महज तीन दिन बाद हार्दिक पंड्या के खिलाफ पुणे में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
भारत ने अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया।
जीत के बाद खिलाड़ी अपने-अपने परिवारों के साथ जश्न मनाते नजर आए, लेकिन इसी जश्न से जुड़ी एक तस्वीर अब विवाद की वजह बन गई है।
क्या है शिकायत?
जानकारी के अनुसार, हार्दिक पंड्या के खिलाफ शिवाजीनगर पुलिस थाना में एक स्थानीय वकील वाजिद खान ने शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मैच के बाद जश्न के दौरान हार्दिक पंड्या ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का अपमान किया।

शिकायतकर्ता का कहना है कि हार्दिक पंड्या एक मंच पर तिरंगे को अपने शरीर पर लपेटे हुए लेटे नजर आए और उनके साथ उनकी साथी भी मंच पर मौजूद थीं।
वकील ने इसे राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़ा मामला बताते हुए इस पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
पुलिस का क्या कहना है?
पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है, हालांकि फिलहाल इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
अधिकारियों का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
यह मामला फाइनल मैच के बाद का बताया जा रहा है, जब पुरस्कार वितरण समारोह समाप्त हो चुका था और खिलाड़ी मैदान पर अपने परिवार व करीबी लोगों के साथ जीत का जश्न मना रहे थे। इस दौरान हार्दिक पंड्या अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ नजर आए।
दोनों को गले मिलते, डांस करते और कुछ समय के लिए ट्रॉफी पोडियम पर बैठे देखा गया। इसी दौरान हार्दिक ने तिरंगा अपने शरीर पर लपेटा हुआ था और कुछ क्षणों के लिए दोनों पोडियम पर लेटे हुए दिखे।
इसी दृश्य की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला तूल पकड़ गया और अब कानूनी शिकायत तक पहुंच गया है।
फिलहाल, सभी की नजरें पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

