संसद में उठा मोबाइल डेटा रोलओवर का मुद्दा, राघव चड्ढा ने की बड़ी मांग
Sandesh Wahak Digital Desk: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा (Raghav Chaddha) ने संसद में ‘जीरो आवर’ के दौरान मोबाइल डेटा से जुड़ा अहम मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यूजर्स को इस्तेमाल न हुए मोबाइल डेटा को आगे ले जाने की अनुमति मिलनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने यूजर्स के बीच मोबाइल डेटा ट्रांसफर की सुविधा शुरू करने की भी मांग की। उन्होंने इसे सीधे तौर पर देश के करोड़ों मोबाइल उपभोक्ताओं से जुड़ा मुद्दा बताया।
हर दिन खत्म हो जाता है बचा हुआ डेटा
राघव चड्ढा ने कहा कि मौजूदा मोबाइल प्लान्स के तहत यूजर्स को रोजाना डेढ़ से 2 जीबी तक डेटा मिलता है, लेकिन जैसे ही रात 12 बजते हैं, बचा हुआ डेटा एक्सपायर हो जाता है। उसे अगले दिन के लिए कैरी फॉरवर्ड नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि कंपनियां पूरे डेटा का पैसा तो लेती हैं, लेकिन जो डेटा यूज नहीं होता, वह यूजर्स को वापस नहीं मिलता और कंपनियों के पास ही रह जाता है।
पेट्रोल के उदाहरण से समझाया मुद्दा
उन्होंने इस मुद्दे को समझाने के लिए पेट्रोल का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति 15 लीटर पेट्रोल भरवाता है और उसमें से 5 लीटर बच जाता है, तो पेट्रोल पंप वाला उसे वापस करने के लिए नहीं कहता। उसी तरह यूजर्स को भी अपने खरीदे हुए डेटा को पूरी तरह इस्तेमाल करने का अधिकार मिलना चाहिए। इसलिए डेटा रोलओवर की सुविधा दी जानी चाहिए।
विदेशों में पहले से लागू है यह सुविधा
राघव चड्ढा ने कहा कि दुनिया के कई देशों जैसे अमेरिका, यूरोप, नीदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया में डेटा रोलओवर की सुविधा पहले से उपलब्ध है। वहां यूजर्स अगर एक दिन का डेटा इस्तेमाल नहीं कर पाते, तो वह अगले दिन के डेटा में जुड़ जाता है और एक्सपायर नहीं होता।
डेटा ट्रांसफर की भी उठाई मांग
इसके साथ ही उन्होंने एक और महत्वपूर्ण मांग उठाई कि जैसे लोग एक-दूसरे को पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं, उसी तरह मोबाइल डेटा ट्रांसफर करने की सुविधा भी होनी चाहिए। उनका कहना है कि इससे यूजर्स को ज्यादा सुविधा मिलेगी और वे अपने डेटा का बेहतर उपयोग कर पाएंगे।
Also Read: The 50 Winner: शिव ठाकरे बने ‘द 50’ के विनर, चमचमाती ट्रॉफी के साथ मिली इतनी प्राइज मनी

