डोनाल्ड ट्रंप का नाटो पर फूटा गुस्सा, ईरान के खिलाफ साथ न देने पर दी चेतावनी

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने पुराने तेवर में नजर आ रहे हैं। इस बार उनके निशाने पर उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (NATO) के सहयोगी देश हैं। ट्रंप ने सीधे शब्दों में इन देशों को चेतावनी देते हुए कहा है कि मुश्किल वक्त में अमेरिका का साथ न देने के इस फैसले को वह कभी भूलेंगे नहीं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने ईरान के खिलाफ जारी तनाव के बीच नाटो देशों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने सदस्य देशों को कागजी शेर और कायर करार दिया। ट्रंप का गुस्सा इस बात पर था कि जब ईरान जैसे देश के खिलाफ मदद की जरूरत थी, तो नाटो देशों ने हाथ पीछे खींच लिए। उन्होंने लिखा- अमेरिका को नाटो से किसी चीज की आवश्यकता नहीं है, लेकिन ये समय कभी भूलिएगा मत! नाटो देशों ने ईरान जैसे देश के खिलाफ कोई मदद नहीं की।

होर्मुज जलडमरूमध्य और तेल की कीमतों पर घेरा

ट्रंप ने आरोप लगाया कि नाटो देश केवल तेल की बढ़ती कीमतों की शिकायत करते हैं, लेकिन स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) को सुरक्षित करने के लिए कोई सैन्य मदद देने को तैयार नहीं हैं। ट्रंप के अनुसार, होर्मुज के रास्ते को खोलना एक आसान सैन्य अभ्यास है, लेकिन सहयोगी देश इसमें शामिल होने से कतरा रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान के खिलाफ सैन्य रूप से जंग जीती जा चुकी है और अब अमेरिका को किसी अन्य देश की जरूरत नहीं है।

गठबंधन का वजूद सिर्फ अमेरिका से

ट्रंप ने दो टूक कहा कि बिना अमेरिका के इस सैन्य गठबंधन का कोई वजूद नहीं है। उन्होंने नाराजगी जताई कि जब परमाणु शक्ति संपन्न ईरान को रोकने की बारी आई, तो नाटो सदस्य देश पीछे हट गए और केवल आर्थिक नुकसान का रोना रोते रहे।

Also Read: Lucknow News: खाकी की चुप्पी से बेखौफ हुए चोर, डेढ़ माह बाद भी दर्ज नहीं हुईं कई चोरियां

Get real time updates directly on you device, subscribe now.