तेल के लिए लखनऊ के पेट्रोल पंपों पर उमड़ा जनसैलाब, कहीं लंबी कतारें तो कहीं नो स्टॉक के बोर्ड
Lucknow News: मध्य-पूर्व में बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर लखनऊ की सड़कों पर साफ दिखाई दे रहा है। पिछले कुछ घंटों से सोशल मीडिया पर तेल खत्म होने की ऐसी अफवाह उड़ी कि शहरवासी अपने वाहनों की टंकियां फुल कराने के लिए पंपों की ओर दौड़ पड़े। इस अफरा-तफरी के बीच कई पंपों पर स्टॉक खत्म हो गया है, तो कई जगह राशनिंग (तेल देने की सीमा) लागू कर दी गई है। शहर के कई प्रमुख इलाकों में टैंकर न पहुंचने की वजह से पेट्रोल खत्म होने की खबरें आईं हैं।

इन पंपों पर खत्म हुआ तेल
अशोक मार्ग और हजरतगंज: इंडियन ऑयल के पंपों पर पेट्रोल खत्म होने के बाद केवल डीजल ही मिल सका। तलवार पेट्रोल पंप पर दोपहर बाद टैंकर आने पर ही राहत मिल पाई।
गोमती नगर: विराम खंड और कठौता चौराहे के पास स्थित मेजर अमिय त्रिपाठी फिलिंग स्टेशन पर दोपहर तक पेट्रोल का स्टॉक खत्म हो चुका था।
लालकुआं और ऐशबाग: लालकुआं के मालती पंप और ऐशबाग पुल के पास अग्रवाल पेट्रोल पंप पर सुबह से ही काम बंद रहा।

इन इलाकों में स्थिति अब भी सामान्य
हड़कंप के बीच शहर के कुछ हिस्सों में आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रही।
चारबाग और कैंट: चारबाग के केकेसी पंप और कैंट सदर स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास एचपी और बीपीसीएल पंपों पर तेल सामान्य रूप से मिलता रहा। यहाँ कर्मियों ने साफ किया कि उन्हें राशनिंग का कोई आदेश नहीं मिला है।
विधानसभा मार्ग: यहाँ के एचपी पंप पर भी पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है, बस भीड़ की वजह से कतारें लंबी हैं।
ग्रामीण क्षेत्र (माल): माल क्षेत्र के सभी सातों पंपों पर स्टॉक भरपूर है। माया फिलिंग स्टेशन और मसीढा हमीर के सर्विस स्टेशन पर सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी है।
Also Read: डोनाल्ड ट्रंप का नाटो पर फूटा गुस्सा, ईरान के खिलाफ साथ न देने पर दी चेतावनी

