200 करोड़ की GST चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, अहमदाबाद से मास्टरमाइंड गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने राजस्व को सैकड़ों करोड़ की क्षति पहुंचाने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसटीएफ मुख्यालय की टीम ने गुजरात के अहमदाबाद में दबिश देकर 200 करोड़ रुपये से अधिक की जीएसटी चोरी करने वाले गिरोह के सक्रिय सदस्य मो० अल्ताफ सोजतवाला को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बोगस फर्में बनाकर वास्तविक कंपनियों को अवैध तरीके से ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ (ITC) बेचने का काला कारोबार कर रहा था।
कैसे खुला 200 करोड़ का ‘बोगस’ खेल?
अलीगढ़ के थाना सिविल लाइन्स में पंजीकृत ‘जय श्री राम एंटरप्राइजेज’ नाम की फर्म के खिलाफ दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान एसटीएफ को इस बड़े नेटवर्क का सुराग मिला। जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य सरगना सीए आकाश पीयूष सोनी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी आईडी पर बोगस कंपनियां रजिस्टर कराता था।
बिना किसी माल की खरीद-बिक्री के ही ये लोग जीएसटी पोर्टल पर फर्जी इनवॉइस और ई-वे बिल अपलोड कर देते थे। कागजों पर सेल-परचेज दिखाकर बैंक खातों में पैसा ट्रांसफर किया जाता था, जिसे बाद में कमीशन काटकर वापस कर दिया जाता था।
यूपी, दिल्ली और महाराष्ट्र तक फैला नेटवर्क
एसटीएफ की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त अल्ताफ ने बताया कि सरगना आकाश पीयूष सोनी ने पूरे भारत में जाल फैला रखा था। ‘जय श्री राम एंटरप्राइजेज’ की मेल आईडी और मोबाइल नंबर का उपयोग करके 50 से अधिक बोगस फर्में बनाई गई थीं। गिरोह ने उत्तर प्रदेश में GAJANAN TRADERS और AMOL ENTERPRISES जैसी बोगस फर्में भी रजिस्टर कराई थीं। शुरुआती जांच में इस गिरोह द्वारा लगभग 200 करोड़ रुपये से अधिक की जीएसटी चोरी कर सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने की पुष्टि हुई है।
गिरफ्तारी और बरामदगी
पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने अहमदाबाद के गायकवाड़ हवेली क्षेत्र से अल्ताफ को दबोचा। उसके पास से एक लैपटॉप, दो मोबाइल, पेनड्राइव और ₹35,700 नगद बरामद हुए हैं। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर उत्तर प्रदेश लाया जा रहा है, जहां अलीगढ़ पुलिस आगे की विधिक कार्यवाही करेगी।
Also Read: ‘ग्रीन कॉरिडोर नहीं, भ्रष्टाचार का मॉडल’, अखिलेश यादव ने डिजाइन पर उठाए सवाल

