30 साल में बहुत खराब हुई गुजरात की जमीनी हालत: अरविंद केजरीवाल
Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरात के दाहोद में विजय विश्वास सभा के दौरान अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने राज्य की मौजूदा स्थिति को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले 30 साल में गुजरात की जमीनी हालत बहुत खराब हो गई है और सत्ताधारियों ने आदिवासियों के साथ हमेशा छल किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात में आदिवासी समाज सबसे ज्यादा पिछड़ा और शोषित है, जबकि बच्चों की शिक्षा और रोजगार पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। किसानों की हालत को लेकर भी उन्होंने गंभीर चिंता जताई।
मजदूरों और मनरेगा में भ्रष्टाचार के आरोप
केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कहा कि गरीब मजदूर भीषण गर्मी में मेहनत करता है लेकिन उसे बहुत कम मजदूरी मिलती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरों के साथ धोखा होता है और मनरेगा के पैसे की लूट के खिलाफ आवाज उठाने वालों को जेल में डाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि गरीबों के हक के लिए आवाज उठाने वाले चैतर वसावा को तीन महीने जेल में रहना पड़ा।
सरकारी स्कूलों और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल
केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कहा कि आम लोगों के वोट से विधायक और मंत्री बनने वाले नेताओं के बच्चे विदेशों में पढ़ते हैं, जबकि आम जनता के बच्चों के लिए ढंग के सरकारी स्कूल भी नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में आदिवासी समाज पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुआ है और आम लोगों के बच्चों का भविष्य सुरक्षित नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि गुजरात में सरकारी अस्पतालों की स्थिति भी बदहाल है।
पंजाब मॉडल का किया जिक्र
केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कहा कि 2022 से पहले पंजाब की स्थिति भी गुजरात जैसी ही थी, जहां कांग्रेस, भाजपा और अकाली गठबंधन की पार्टियां बारी-बारी से सत्ता में आती थीं। उन्होंने कहा कि जनता इनसे परेशान हो गई थी और आम आदमी पार्टी एक उम्मीद बनकर सामने आई। 2022 के विधानसभा चुनाव में जनता ने पार्टी को भारी बहुमत दिया और 117 में से 92 सीटें दिलाईं।
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद किसानों को राहत दी गई है। उन्होंने बताया कि पंजाब में किसानों को खेती के लिए मुफ्त बिजली दी जा रही है और उन्हें अपनी फसल के पैसे 24 घंटे के भीतर मिल जाते हैं। इसके विपरीत गुजरात में किसानों को बिजली के भारी बिल चुकाने पड़ते हैं और फसल के भुगतान में महीनों लग जाते हैं।
“पंजाब की तरह गुजरात में भी पूरे होंगे वादे”
सभा के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार ने पंजाब में किए गए वादों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि अगर गुजरात में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो वहां भी सभी वादे पूरे किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पंजाब में अब किसानों को दिन में 8 घंटे बिजली मिलती है और उनकी स्थिति पहले से काफी बेहतर हुई है।
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में 90 प्रतिशत घरों का बिजली बिल शून्य आता है और लोगों को मुफ्त बिजली दी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि हर परिवार के लिए 10 लाख रुपये का जीवन बीमा कराया गया है और बड़े अस्पतालों में इलाज का खर्च सरकार उठाती है। इसके अलावा महिलाओं के लिए भी हर महीने आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया गया है, जिससे लोगों को राहत मिली है।
Also Read: मिडिल ईस्ट तनाव के बीच Inter-Ministerial Group का गठन, राजनाथ सिंह करेंगे अध्यक्षता

