Lucknow News: फर्जी दस्तखत कर संस्था हड़पने वाला जालसाज गिरफ्तार, नोएडा से दबोचा गया आरोपी

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की हुसैनगंज पुलिस ने धोखाधड़ी और दस्तावेजों की कूटरचना कर एक फर्जी संस्था का पंजीकरण कराने वाले शातिर अभियुक्त विजय पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने वादी के पहचान पत्रों और हस्ताक्षरों का गलत इस्तेमाल कर एक पूरी संस्था ‘खड़ी’ कर दी थी। पुलिस की टीम ने उसे शुक्रवार सुबह नोएडा स्थित उसके वर्तमान आवास से गिरफ्तार किया।

क्या है पूरा मामला?

मामला 11 अक्टूबर 2024 का है, जब हुसैनगंज थाने में ‘भारतीय माइक्रो क्रेडिट’ के प्रबंध निदेशक विजय पाण्डेय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। वादी का आरोप था कि विजय पाण्डेय ने उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी और फोटो का गलत इस्तेमाल किया। आरोपी ने वादी के फर्जी हस्ताक्षर बनाए और धोखाधड़ी से ‘भारतीय हरित खादी ग्रामोदय संस्थान’ नामक संस्था का पंजीकरण करा लिया।

हुसैनगंज पुलिस (मध्य जोन) ने इस मामले में धारा 318(4), 338, 336(3), 352 और 351(3) BNS के तहत मुकदमा पंजीकृत किया था। लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्त को पुलिस ने नोएडा के सेक्टर 40 से सुबह करीब 11:00 बजे धर दबोचा।

अभियुक्त का प्रोफाइल और आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार अभियुक्त विजय पाण्डेय (46 वर्ष) मूल रूप से जानकीपुरम, लखनऊ का निवासी है, लेकिन वर्तमान में गिरफ्तारी से बचने के लिए नोएडा में रह रहा था। आरोपी विजय पाण्डेय का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ जानकीपुरम थाने में भी अमानत में खयानत (धारा 406) और गाली-गलौज व धमकी (504/506) का मुकदमा पहले से दर्ज है।

अग्रिम विधिक कार्यवाही

हुसैनगंज पुलिस के अनुसार, अभियुक्त को कोर्ट के समक्ष पेश किया जा रहा है। साथ ही अन्य थानों और जनपदों से भी उसके अन्य संभावित आपराधिक कारनामों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम अब यह जांच कर रही है कि इस फर्जी संस्था के जरिए और कितने वित्तीय लाभ लिए गए या अन्य लोगों को ठगा गया।

Also Read: कुशीनगर को प्रदेश में नंबर-1 बनाने का संकल्प, विधान परिषद की समिति ने कसी जनपद के अफसरों की नकेल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.