IPL 2026 का आगाज आज, पहले ही मैच में ईशान किशन के नाम दर्ज होगा रिकॉर्ड, RCB-SRH होंगी आमने-सामने

Sandesh Wahak Digital Desk: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें संस्करण IPL 2026 का इंतजार खत्म हो गया है।

दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग का आगाज आज पहले मुकाबले के साथ होने जा रहा है, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।

RCB की कप्तानी रजत पाटीदार के हाथों में होगी, जिनके नेतृत्व में टीम ने पिछले सीजन खिताब अपने नाम किया था।

वहीं, SRH को शुरुआती मुकाबलों में नियमित कप्तान पैट कमिंस की कमी खलेगी, जो पीठ में चोट के चलते पहले कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे। उनकी गैरमौजूदगी में टीम की कमान ईशान किशन संभालेंगे।

ईशान किशन रचेंगे इतिहास

आईपीएल में यह पहला मौका होगा जब ईशान किशन किसी टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। जैसे ही वह आज मैदान पर उतरेंगे, वह सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे।

कुल मिलाकर यह रिकॉर्ड अब भी केन विलियमसन के नाम है, जिन्होंने 2018 में 27 साल 244 दिन की उम्र में SRH की कप्तानी की थी। ईशान किशन की उम्र फिलहाल 27 साल 253 दिन है।

Ishan Kishan

ईशान किशन ने हाल ही में अपनी कप्तानी में झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 का खिताब दिलाया था। शानदार फॉर्म के चलते उन्हें टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड में भी जगह मिली थी। SRH को उम्मीद होगी कि वह अपनी यही लय IPL में भी बरकरार रखें।

सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2025 से पहले हुए मेगा ऑक्शन में ईशान किशन को 11.25 करोड़ रुपये में खरीदा था और IPL 2026 से पहले उन्हें रिटेन भी किया गया।

RCB की संभावित प्लेइंग इलेवन

विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, जैकब डफी, मंगेश यादव, भुवनेश्वर कुमार।

SRH की संभावित प्लेइंग इलेवन

अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, लियाम लिविंगस्टोन, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ब्रायडन कार्स।

लाइव कहां देखें मुकाबला

RCB और SRH के बीच IPL 2026 का पहला मुकाबला आज शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, वहीं लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।

Also Read: IPL 2026: पहले ही मैच में विराट कोहली रच सकते हैं इतिहास, सिर्फ 29 रनों की दरकार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.