परमाणु तबाही की दहलीज पर दुनिया, ईरान के न्यूक्लियर प्लांट पर तीसरी बार हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य पूर्व (Middle East) में जारी जंग अब उस खतरनाक मोड़ पर पहुँच गई है जहाँ एक छोटी सी चूक पूरी दुनिया के लिए परमाणु त्रासदी (Nuclear Disaster) बन सकती है। शुक्रवार देर रात ईरान के बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट पर एक बार फिर मिसाइल हमला हुआ। 28 फरवरी से शुरू हुए इस खूनी संघर्ष में इस परमाणु संयंत्र को तीसरी बार निशाना बनाया गया है।
ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने इस हमले के लिए सीधे तौर पर अमेरिका और इजरायल को जिम्मेदार ठहराया है। राहत की बात यह है कि इस ताजा हमले में किसी के हताहत होने या प्लांट को तकनीकी नुकसान पहुँचने की खबर नहीं है।
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के चीफ राफेल ग्रॉसी ने गहरी चिंता जताते हुए कहा है कि परमाणु ठिकानों पर बार-बार होने वाले ये हमले ‘आग से खेलने’ जैसे हैं। अगर किसी हमले में रेडियोएक्टिव मटीरियल लीक हुआ, तो इसके अंजाम बेहद भयानक होंगे। एजेंसी लगातार ईरानी अधिकारियों के संपर्क में है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि परमाणु सामग्री पूरी तरह सुरक्षित रहे।
तेल अवीव में मौत का तांडव, क्लस्टर मिसाइल से हमला
दूसरी ओर, ईरान द्वारा इजरायल पर किए गए पलटवार ने भी जान-माल का नुकसान किया है। इजरायली पुलिस के मुताबिक, ईरान की ओर से दागी गई एक क्लस्टर म्यूनिशन मिसाइल (जो हवा में फटने के बाद कई छोटे बमों में बदल जाती है) तेल अवीव के रिहायशी इलाके में गिरी। इसकी चपेट में आने से 60 साल के एक कंस्ट्रक्शन वर्कर की मौत हो गई। इस हमले में दो अन्य लोग भी मामूली रूप से घायल हुए हैं। तेल अवीव के मेट्रोपॉलिटन इलाके में कई जगहों पर मिसाइल के छर्रे गिरने से दहशत का माहौल है।
Also Read: डोनाल्ड ट्रंप का दावा, घुटनों पर आया ईरान, अब समझौते के लिए कर रहा बातचीत की तैयारी

