सपा ने नोएडा को बनाया था अपनी लूट का ATM, पीएम मोदी बोले- अंधविश्वास की वजह से पुराने मुख्यमंत्री यहाँ आने से डरते थे

Noida News: जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन केवल विकास का उत्सव नहीं रहा, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहाँ से विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। पीएम ने पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दशकों तक इस एयरपोर्ट को फाइलों में दबाकर रखा गया और नोएडा को विकास के बजाय निजी स्वार्थ के लिए इस्तेमाल किया गया।

प्रधानमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा, एक समय था जब सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम (ATM) बना लिया था। उत्तर प्रदेश की पिछली सरकारों और केंद्र की कांग्रेस सरकार ने मिलकर इस प्रोजेक्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी। उन्होंने याद दिलाया कि 2003 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने इस एयरपोर्ट को मंजूरी दी थी, लेकिन 2004 से 2014 के बीच इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।

कुर्सी जाने के डर और अंधविश्वास पर तंज

पीएम मोदी ने एक दिलचस्प वाकया साझा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्रियों के नोएडा डर पर तंज कसा। उन्होंने कहा, पहले के सत्ताधारी अंधविश्वास के कारण यहाँ आने से डरते थे, उन्हें अपनी कुर्सी छिन जाने का खौफ था। जब मैं प्रधानमंत्री बनने के बाद यहाँ आया, तो मुझे भी डराया गया कि मोदी जी मत जाइए। लेकिन मैंने कहा कि मैं उस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूँ जो मुझे लंबे समय तक सेवा का मौका देगी। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि तत्कालीन सपा मुख्यमंत्री (अखिलेश यादव) इतने डरे हुए थे कि वे मेरे कार्यक्रम में शामिल तक नहीं हुए।

डबल इंजन सरकार का विकास मॉडल

पीएम ने जेवर एयरपोर्ट को भाजपा की कार्य संस्कृति का बेहतरीन उदाहरण बताया। उन्होंने कहा, अब यहाँ हर दो मिनट में एक जहाज उड़ान भरेगा। 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, जो आज बढ़कर 160 से ज्यादा हो गए हैं। पहले की सरकारें मानती थीं कि हवाई जहाज सिर्फ अमीरों के लिए है, लेकिन हमारी सरकार ने सामान्य भारतीयों के लिए भी हवाई यात्रा आसान बना दी है।

Also Read: ISIS के हारिस से पूछताछ में बड़ा खुलासा, सामने आए 10 और नाम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.