Ghazipur News: बारात आई और खर्च हो गए 1.5 करोड़ रुपये, बेरोजगार निकला दूल्हा
Ghazipur News: शादियों के सीजन के बीच धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने वैवाहिक विज्ञापनों और प्रोफाइल पर भरोसे को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। एक बेरोजगार युवक ने खुद को दिल्ली में CAG विभाग का सीनियर ऑडिट ऑफिसर बताकर MBA पास वर्किंग युवती से शादी कर ली।
1.5 करोड़ रुपये खर्च
मामला गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र का है। यहां की रहने वाली युवती की शादी 29 अप्रैल 2025 को जखनिया (बुरहानपुर) निवासी शुभम सिंह से धूमधाम से हुई थी। पीड़ित पक्ष के अनुसार, शादी में करीब 81 लाख रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से दिए गए, जबकि जेवरात और उपहार मिलाकर कुल खर्च लगभग 1.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
ऑफिशियल बहानों के पीछे छिपी सच्चाई
शादी के बाद आरोपी पति शुभम सिंह अक्सर सरकारी काम और ऑडिट के नाम पर पत्नी से दूरी बनाए रखता था। युवती को शक तब हुआ जब उसके व्यवहार और बातों में विरोधाभास नजर आने लगा। बाद में WhatsApp चैट से खुलासा हुआ कि आरोपी पूरी तरह बेरोजगार है और उसका खर्च उसकी बहन उठा रही थी। CAG अधिकारी होने का दावा पूरी तरह झूठ निकला।
दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप
पीड़िता ने फरीदाबाद के वल्लभगढ़ महिला थाने में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया कि शादी के बाद भी आरोपी और उसके परिवार ने अलग-अलग बहानों से पैसे वसूले। जब सच्चाई सामने आने लगी, तो अतिरिक्त दहेज की मांग की गई और मांग पूरी न होने पर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति शुभम सिंह, ससुर अनिल कुमार सिंह और हरिद्वार सिंह (सेवानिवृत्त बीडीओ) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर धोखाधड़ी, फ्रॉड और दहेज प्रताड़ना से जुड़ी गंभीर धाराओं (115, 3(5), 316(2), 351(2) और 85) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Also Read: भक्ति के रंग में रंगा अलीगंज, गैनी में रावण दहन के बाद निकली भगवान राम की भव्य शोभायात्रा

