Pratapgarh News: राम वन गमन मार्ग पर भिड़े दो डंपर, चालक के कटे दोनों पैर

Pratapgarh News: जनपद के थाना कुंडा अंतर्गत बिहार पुलिस चौकी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक हृदय विदारक सड़क हादसा हो गया। निर्माणाधीन राम वन गमन मार्ग पर एक तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़े दूसरे डंपर में पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि पीछे वाले डंपर के परखच्चे उड़ गए। इस भिड़ंत में चालक केबिन में ही फंस गया और उसके दोनों पैर कट गए।

सुबह 7 बजे धमाके से दहला इलाका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7:00 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसका धमाका काफी दूर तक सुनाई दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक की पहचान शुभम मिश्रा (35 वर्ष) पुत्र लल्लन मिश्रा, निवासी खिदिरपुर (मिश्रा का पुरवा) के रूप में हुई है। वह डंपर संख्या UP 70 MT 2275 चला रहा था। टक्कर के बाद शुभम केबिन के मलबे में बुरी तरह दब गया था। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भारी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मलबे से निकलते समय चालक के दोनों पैर शरीर से अलग हो चुके थे।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी श्रवण कुमार और चौकी इंचार्ज अमित द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ चालक को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया है। पुलिस ने दोनों डंपरों को कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और सुबह के समय चालक की लापरवाही मानी जा रही है।

राम वन गमन मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण अक्सर बड़े वाहनों का जमावड़ा रहता है, जिससे ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Also Read: भक्ति के रंग में रंगा अलीगंज, गैनी में रावण दहन के बाद निकली भगवान राम की भव्य शोभायात्रा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.