बंगाल चुनाव से पहले BJP और TMC कार्यकर्ताओं में झड़प, फॉर्म-6 भरने को लेकर बढ़ा विवाद
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव (Bengal Elections) से पहले सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच फॉर्म-6 जमा करने को लेकर झड़प हो गई, जिससे इलाके का माहौल गरमा गया।
धरने पर बैठे दोनों पक्ष
टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि बीजेपी अवैध तारीखों के साथ फॉर्म-6 जमा कर रही है। वहीं बीजेपी ने चुनाव आयोग पर नजर रखने के लिए निर्देश दिए हैं और इन आरोपों को खारिज किया है।
घटना के दौरान टीएमसी समर्थित बीएलओ ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति मेदिनीपुर से फॉर्म-6 लेकर आया था, जिसे पकड़ लिया गया। इसके उलट बीजेपी का कहना है कि वह कोई पार्टी कार्यकर्ता नहीं था, बल्कि आम नागरिक अपने काम से आया था। इस विवाद के बाद दोनों पक्ष चुनाव आयोग के दफ्तर के सामने धरने पर बैठ गए।
झड़प के बाद तनावपूर्ण हुआ माहौल
कुछ ही देर बाद टीएमसी के कई समर्थक बाइक पर पहुंचे और हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। बीजेपी ने टीएमसी पर पथराव करने का आरोप लगाया। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर किसी तरह हालात को काबू में किया।
टीएमसी के प्रवक्ता ललितेश त्रिपाठी ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बड़ी संख्या में फॉर्म-6 के जरिए मतदाता सूची में फेरबदल की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि हजारों फॉर्म चुनाव आयोग के कार्यालय में पकड़े गए हैं और यह सब मिलीभगत से किया जा रहा है।
फॉर्म-6 को लेकर बढ़ा विवाद
फॉर्म-6 चुनाव आयोग द्वारा जारी किया गया एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिसका उपयोग नए मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ने या स्थानांतरण के लिए किया जाता है। इसी फॉर्म को लेकर दोनों पार्टियों के बीच विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। वहीं इस घटनाक्रम ने बंगाल चुनाव से पहले सियासी माहौल को और ज्यादा तनावपूर्ण बना दिया है, जहां आरोप-प्रत्यारोप के बीच राजनीतिक टकराव खुलकर सामने आ रहा है।
Also Read: Prayagraj News: पहले किया रेप फिर छीनी आठ साल की मासूम की सांसें, कोर्ट ने सुनाई फांसी की सज़ा

