फिर पटरी पर भारत-चीन के बीच हवाई संपर्क, नई उड़ानों से बढ़ेगा व्यापार

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत और चीन के बीच हवाई संपर्क (India-China Air Connectivity) एक बार फिर गति पकड़ता नजर आ रहा है। कोविड महामारी और कूटनीतिक तनाव के चलते रुकी हुई उड़ान सेवाएं अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं, जिससे व्यापार, पर्यटन और लोगों के आवागमन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

नई और बहाल उड़ानों की जानकारी

चीन की ओर से भारत में प्रवक्ता यू जिंग ने सोशल मीडिया के जरिए दोनों देशों के बीच नई और बहाल उड़ानों की जानकारी साझा की है। इसके तहत IndiGo ने 29 मार्च से कोलकाता-शंघाई के बीच रोजाना उड़ान शुरू कर दी है। वहीं China Southern Airlines ग्वांगझू-दिल्ली रूट पर नई सेवा शुरू करने की योजना बना रही है।

इसके अलावा China Eastern Airlines 18 अप्रैल से कुनमिंग-कोलकाता डायरेक्ट फ्लाइट फिर से शुरू करेगी, जबकि Air China 21 अप्रैल से बीजिंग-दिल्ली के बीच नई उड़ान सेवा लॉन्च करने जा रही है।

आर्थिक संबंधों को मिलेगा बढ़ावा

भारत-चीन के बीच इन नई उड़ानों की शुरुआत को द्विपक्षीय संबंधों में व्यावहारिक सुधार की दिशा में उठाया गया अहम कदम माना जा रहा है। हालांकि राजनीतिक स्तर पर चुनौतियां अब भी बनी हुई हैं, लेकिन हवाई संपर्क बहाली से दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ने की संभावना है।

शंघाई में भारत के कांसुलेट जनरल प्रतीक माथुर ने इंडिगो की उड़ान सेवा का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह नई पहल भारत और क्षेत्र के बीच हवाई संपर्क को मजबूत करने के साथ-साथ आर्थिक संबंधों के लिए भी सकारात्मक संकेत है। भारतीय दूतावास ने भी इस पहल को द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने वाला कदम बताया है।

पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास को भी मिलेगा लाभ

शंघाई-कोलकाता के बीच सीधी उड़ान से भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। दिल्ली के बाद कोलकाता दूसरा भारतीय महानगर बन गया है, जो शंघाई से सीधे जुड़ गया है।

पिछले साल शुरू हुई थी बहाली प्रक्रिया

गौरतलब है कि भारत और चीन के बीच करीब पांच साल के गतिरोध के बाद पिछले साल अक्टूबर में विभिन्न शहरों के बीच उड़ानों को फिर से शुरू किया गया था। अब नई उड़ानों के साथ दोनों देशों के बीच संपर्क और सहयोग को नई रफ्तार मिलने की संभावना है।

 

Also Read: रुपये की गिरावट को लेकर अखिलेश यादव का हमला, BJP पर साधा निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.