कोलकाता में ED का बड़ा एक्शन, रियल एस्टेट डेवलपर के ठिकानों पर छापेमारी
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार की सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की भारी हलचल के साथ शुरू हुई। केंद्रीय एजेंसी ने शहर के जाने-माने रियल एस्टेट डेवलपर सोना पप्पू के आवास और उनसे जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। मनी लॉन्ड्रिंग और पैसों की बंदरबांट के आरोपों में घिरे पप्पू के खिलाफ यह कार्रवाई तड़के शुरू हुई।
दक्षिण कोलकाता के पॉश इलाके बालीगंज में स्थित पप्पू के घर पर जब ईडी की टीम पहुंची, तो इलाके में हड़कंप मच गया। सोना पप्पू पर आरोप है कि उन्होंने अपनी कंस्ट्रक्शन कंपनी के जरिए सैकड़ों लोगों को घर देने का सपना दिखाया, उनसे मोटी रकम वसूली, लेकिन न तो फ्लैट दिए और न ही पैसे वापस किए।
जांच के मुख्य बिंदु
धोखाधड़ी: ग्राहकों से जमा कराए गए करोड़ों रुपयों को प्रोजेक्ट्स में लगाने के बजाय निजी लाभ और अन्य जगहों पर डाइवर्ट (हेराफेरी) करने का शक है।
कागजी हेरफेर: ईडी की टीम फिलहाल कंपनी के खातों, बैंक ट्रांजेक्शन और प्रोजेक्ट से जुड़े दस्तावेजों को खंगाल रही है ताकि पैसों के लेन-देन की कड़ियां जोड़ी जा सकें।
दहशत और हिंसा से पुराना नाता
सोना पप्पू का नाम केवल आर्थिक गड़बड़ियों में ही नहीं, बल्कि आपराधिक गतिविधियों में भी उछलता रहा है।
इसी साल फरवरी में कोलकाता के कंकुलिया रोड पर हुई भीषण हिंसा में भी इनका नाम सामने आया था।
स्थानीय निवासियों का आरोप था कि सोना पप्पू के गिरोह ने इलाके में बमबाजी और गोलीबारी कर दहशत फैलाई थी। उस वक्त पुलिस ने मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार भी किया था।
Also Read: नए वित्त वर्ष के पहले ही दिन कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ महंगा, बाहर खाना होगा और भारी

