बगदाद में अमेरिकी महिला पत्रकार का अपहरण, ईरान समर्थित मिलिशिया पर शक
Sandesh Wahak Digital Desk: युद्ध की विभीषिका झेल रहे इराक से एक बार फिर विदेशी नागरिकों की सुरक्षा को लेकर डराने वाली खबर सामने आई है। बगदाद में एक अनुभवी अमेरिकी फ्रीलांस पत्रकार शेली किटलसन का अपहरण कर लिया गया है। इस घटना के बाद अमेरिकी विदेश विभाग और इराकी सुरक्षा बल अलर्ट पर हैं और उनकी सुरक्षित रिहाई के लिए साझा ऑपरेशन चला रहे हैं।
कौन हैं शेली किटलसन
शेली किटलसन एक निडर फ्रीलांस रिपोर्टर हैं, जो लंबे समय से सीरिया और इराक जैसे संघर्ष वाले क्षेत्रों से रिपोर्टिंग कर रही हैं। वे अल-मॉनिटर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के लिए काम करती रही हैं और वर्तमान में इटली के रोम में आधारित हैं। उनकी रिपोर्टिंग को मध्य पूर्व के मामलों में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
अमेरिकी विदेश विभाग के सहायक सचिव डिलन जॉनसन ने सोशल मीडिया पर इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में कताइब हिजबुल्लाह (ईरान समर्थित मिलिशिया समूह) से जुड़े लोगों पर शक जताया जा रहा है।
इराकी गृह मंत्रालय ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा किए गए इस अपहरण के मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है। अपहरण में इस्तेमाल की गई संदिग्ध गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI इस मामले में इराकी अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है।
चेतावनी के बावजूद इराक में थीं शेली
विदेश विभाग ने यह भी खुलासा किया कि शेली किटलसन को पहले ही वहां मौजूद संभावित खतरों के बारे में चेतावनी दी गई थी। इराक वर्तमान में अमेरिका की लेवल 4 (यात्रा न करने की सलाह) सूची में है। अधिकारियों ने एक बार फिर दोहराया है कि अमेरिकी नागरिक किसी भी स्थिति में इराक की यात्रा न करें और जो वहां मौजूद हैं, वे तुरंत देश छोड़ दें।
शेली के संस्थान अल-मॉनिटर ने एक बयान जारी कर कहा है कि वे अपनी साथी पत्रकार की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। उन्होंने कहा, शेली एक साहसी पत्रकार हैं और हम उनकी तत्काल और सुरक्षित रिहाई की मांग करते हैं ताकि वे अपना महत्वपूर्ण कार्य जारी रख सकें।
Also Read: कोलकाता में ED का बड़ा एक्शन, रियल एस्टेट डेवलपर के ठिकानों पर छापेमारी

