असमय बारिश से किसानों के हुए नुकसान का सीएम योगी ने लिया संज्ञान, जल्द सर्वे कराकर मुआवजा देने का निर्देश
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार को हुई अचानक बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी और कटी हुई फसल को हुए नुकसान का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत एक्शन लिया है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से असमय बारिश के कारण किसानों को हुई परेशानी और फसल नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि किसान हित सरकार की प्राथमिकता है और मौसम की मार झेलने वाले अन्नदाता को किसी भी सूरत में परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करें और किसानों की बर्बाद हुई फसल के नुकसान का सटीक आकलन करें।
सर्वे के बाद तुरंत शुरू होगी मुआवजे की प्रक्रिया
सीएम योगी ने निर्देश दिया है कि राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियां मिलकर तत्काल संयुक्त सर्वे शुरू करें। सर्वे की रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसानों को बिना किसी देरी के मुआवजा दिलाया जा सके। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि भुगतान की व्यवस्था समयबद्ध तरीके से हो।
मुख्यमंत्री ने किसानों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि सरकार हर आपदा-विपदा में प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले दिनों हुई बारिश से प्रभावित किसानों को भी मुआवजा दिलाया जा रहा है और बुधवार की बारिश से हुए नुकसान की भरपाई भी जल्द की जाएगी।
ग्राउंड जीरो पर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश
सीएम योगी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे खुद फील्ड में उतरकर वस्तुस्थिति का जायजा लें और वास्तविक नुकसान का आकलन कराएं। उन्होंने प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त को फील्ड अधिकारियों के साथ सीधा समन्वय बनाने और समय पर सूचनाएं एकत्र करने को कहा है, ताकि राहत कार्य सुचारू रूप से चल सके।
Also Read: SIT ने दीवार फांदकर भोंदू बाबा के बेटे को दबोचा, रसूखदार बंगले में फिल्मी अंदाज में हुई छापेमारी

