Varanasi News: STF के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी पहलवान

Varanasi News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ की वाराणसी फील्ड यूनिट ने बुधवार, 1 अप्रैल, 2026 को एक शातिर अपराधी दीपक यादव उर्फ कन्हैया उर्फ पहलवान को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। दीपक पर वाराणसी पुलिस की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह पिछले साल हुए चर्चित समीर सिंह हत्याकांड के बाद से ही पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था।

एसटीएफ के डिप्टी एसपी शैलेश प्रताप सिंह के निर्देशन में निरीक्षक अमित श्रीवास्तव की टीम अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बड़ागांव थाने से वांछित अपराधी दीपक यादव वाराणसी और आसपास के जिलों में छिपा हुआ है। पुख्ता जानकारी मिलते ही सब-इंस्पेक्टर अंगद सिंह यादव और विनय मौर्या की टीम ने जाल बिछाया और चोलापुर थाना क्षेत्र के जमुनीपुर ग्राम के पास से दीपक को दबोच लिया।

पुलिस पूछताछ में दीपक के खौफनाक कारनामों की परतें खुलीं। घटना 25 दिसंबर 2025 की शाम की है। वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के दयालपुर के पास 6-7 लोग खड़े थे। तभी गांव के ही अभिषेक यादव और रामू यादव वहां से मोटरसाइकिल से गुजरे। बाइक का हैंडल खड़े लोगों से हल्का सा छू गया, बस इतनी सी बात पर विवाद इतना बढ़ा कि दीपक और उसके साथियों ने अभिषेक और रामू को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

इसी बीच आरोपियों ने गोली चला दी, जिसमें रामू यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर जब पास के रहने वाले समीर सिंह वहां पहुंचे, तो बेखौफ बदमाशों ने उन्हें भी गोली मार दी। अस्पताल ले जाने पर समीर सिंह की मृत्यु हो गई थी। इस मामले में 6 आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं, जबकि दीपक तब से फरार था।

मारपीट से हत्या तक का सफर

दीपक यादव उर्फ पहलवान काफी मनबढ़ किस्म का अपराधी माना जाता है। उसके खिलाफ वाराणसी के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।

थाना चौबेपुर: मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के दो पुराने मामले (2018 और 2023)।

थाना बड़ागांव: दंगा भड़काने, गंभीर चोट पहुंचाने और हत्या (बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज)।

गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने दीपक को वाराणसी के बड़ागांव थाने में दाखिल कर दिया है। स्थानीय पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्यवाही और उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Also Read: फार्मर रजिस्ट्री से जुड़ें सभी किसान, एकीकृत डिजिटल प्रणाली से मिलेगा योजनाओं का लाभ: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.