Maharashtra News: ठाणे में दर्दनाक सड़क हादसा, सीमेंट मिक्सर और वैन की भिड़ंत में 9 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से सोमवार सुबह एक हृदयविदारक दुर्घटना की खबर सामने आई है। मुरबाड के गोविली गांव स्थित रैता पुल पर एक वैन और सीमेंट मिक्सर के बीच हुई भीषण टक्कर में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वैन में सवार अधिकांश लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

आमने-सामने की भिड़ंत में उड़े परखच्चे

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 11:30 बजे उस समय हुआ जब विपरीत दिशा से आ रहे एक सीमेंट मिक्सर ट्रक और यात्रियों से भरी वैन के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में 9 लोगों की जान चली गई है, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन और ट्रैफिक जाम

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बचाव दल और मेडिकल टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से वैन में फंसे शवों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज जारी है। दुर्घटना के कारण पुल पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिसे खुलवाने के लिए पुलिस मशक्कत कर रही है।

तेज रफ्तार बनी काल!

प्रारंभिक जांच में पुलिस तेज रफ्तार को इस भीषण हादसे का मुख्य कारण मान रही है। मुरबाड पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि स्पष्ट हो सके कि गलती किस वाहन चालक की थी। मृतकों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है और उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है।

Also Read: लैंड फॉर जॉब केस में लालू को सुप्रीम कोर्ट से झटका, FIR रद्द करने की याचिका खारिज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.