UP के शिक्षामित्रों के लिए खुशखबरी, सीएम योगी ने दी तीन बड़ी सौगातें, जानिए क्या-क्या?
गोरखपुर में मुख्यमंत्री ने बांटे चेक, 1.43 लाख परिवारों को मिला आर्थिक संबल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में बुनियादी शिक्षा की नींव मजबूत करने वाले करीब 1 लाख 43 हजार शिक्षामित्रों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को शिक्षामित्रों की वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करते हुए उन्हें ‘ट्रिपल तोहफा’ दिया। गोरखपुर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान सीएम ने न केवल मानदेय वृद्धि की घोषणा की, बल्कि स्वास्थ्य और जीवन सुरक्षा की गारंटी भी दी।
मानदेय में बंपर बढ़ोतरी: अब मिलेंगे ₹18,000
शिक्षामित्रों की सबसे पहली और प्रमुख मांग आर्थिक मजबूती की थी। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब शिक्षामित्रों को हर महीने 18,000 रुपये का मानदेय मिलेगा। यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कई शिक्षामित्रों को प्रतीकात्मक रूप से डमी चेक सौंपकर इस नई व्यवस्था का शुभारंभ किया।
कैशलेस मेडिकल सुविधा: ₹5 लाख तक मुफ्त इलाज
शिक्षामित्रों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए सरकार ने उन्हें आयुष्मान भारत की तर्ज पर ₹5 लाख तक की कैशलेस मेडिकल सुविधा देने का ऐलान किया है। इसके तहत शिक्षामित्र और उनके आश्रित परिवार के सदस्य सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में गंभीर बीमारियों का इलाज मुफ्त में करा सकेंगे।
सामाजिक सुरक्षा: जीवन और दुर्घटना बीमा का कवर
मुख्यमंत्री ने तीसरी बड़ी सौगात ‘सामाजिक सुरक्षा’ के रूप में दी। अब सभी शिक्षामित्रों को जीवन बीमा और दुर्घटना बीमा का कवर मिलेगा। किसी भी अप्रिय घटना या आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में उनके परिजनों को 5 से 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिल सकेगी। सीएम ने बेसिक शिक्षा परिषद के अधिकारियों को तत्काल बैंकों से समन्वय कर इस योजना को लागू करने के निर्देश दिए हैं।
इस अवसर पर सीएम योगी ने शिक्षामित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा, “शिक्षामित्रों ने कठिन समय में भी प्रदेश की बुनियादी शिक्षा को संभाला है। अब सरकार का कर्तव्य है कि उन्हें वह सम्मान और सुरक्षा दे, जिसके वे हकदार हैं।” मुख्यमंत्री के इस निर्णय से शिक्षामित्रों के परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
Also Read: बंगाल में भाजपा का पहला मुख्यमंत्री कौन? 9 मई को होगा ऐतिहासिक शपथ ग्रहण

