Siddharthnagar News: परीक्षा नियंत्रक के औचक निरीक्षण में 23 छात्र नकल करते मिले
Siddharthnagar News: सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु की सम सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान बुधवार को महाराजगंज जनपद में विश्वविद्यालय की विशेष निरीक्षण टीम ने बड़ी कार्रवाई की। परीक्षा नियंत्रक दीनानाथ यादव के नेतृत्व में की गई छापेमारी में दो अलग-अलग केंद्रों पर कुल 23 विद्यार्थियों को नकल करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। इन सभी परीक्षार्थियों के विरुद्ध अनुचित साधन प्रयोग (UFM) के तहत कार्रवाई की गई है।
निरीक्षण टीम में डॉ. रविकांत शुक्ला और डॉ. देवबक्स सिंह शामिल रहे। टीम ने सबसे पहले राजेंद्र प्रसाद ताराचंद महाविद्यालय, निचलौल का रुख किया, जहाँ मनु लॉ कॉलेज के 5 छात्र नकल करते पकड़े गए। इसके बाद डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में जांच के दौरान रामरेखा राय विधि महाविद्यालय के 18 छात्रों को अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पाया गया।

CCTV से निगरानी और गेट पर सघन तलाशी के निर्देश
‘संदेश वाहक’ से खास बातचीत में परीक्षा नियंत्रक दीनानाथ यादव ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि मुख्य द्वार पर ही सघन तलाशी ली जाए ताकि मोबाइल, ब्लूटूथ या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट अंदर न जा सकें।
विश्वविद्यालय स्तर पर एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहाँ से सीसीटीवी के जरिए सभी केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वाले छात्रों और ढिलाई बरतने वाले कक्ष निरीक्षकों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: हत्या के दोषी पूर्व विधायक विजय मिश्र समेत चार को कठोर आजीवन कारावास की सजा

