दिल्ली में फिर निर्भया जैसा कांड, चलती बस में महिला से गैंगरेप, दो आरोपी गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के रानी बाग इलाके में एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पीतमपुरा निवासी एक महिला, जो मंगोलपुरी की फैक्ट्री से नाइट शिफ्ट कर घर लौट रही थी, चलती बस में सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई। दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बिहार रजिस्ट्रेशन वाली स्लीपर बस (BR 28P 3941) को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब बस के परमिट और उस वक्त मौजूद अन्य संभावित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

साजिश और दरिंदगी का खौफनाक सफर

सोमवार रात जब पीड़िता ने बस स्टैंड पर खड़े एक युवक से समय पूछा, तो उसे जबरन बस के भीतर खींच लिया गया। करीब 2 घंटे तक आरोपियों ने बस को शहर की सड़कों पर घुमाया और बारी-बारी से महिला के साथ दरिंदगी की। बस में लगे काले शीशे और पर्दों के कारण पीड़िता की चीखें बाहर नहीं पहुंच सकीं। आरोपी उसे नांगलोई मेट्रो स्टेशन के पास लहूलुहान हालत में फेंककर फरार हो गए।

मेडिकल जांच में गैंगरेप की पुष्टि के बाद डॉक्टरों ने पीड़िता को अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी, लेकिन उसने मना कर दिया। पीड़िता ने बताया कि उसके पति टीबी से ग्रस्त हैं और घर में तीन छोटी बेटियाँ हैं। परिवार की एकमात्र सहारा होने के कारण उसने अस्पताल के बजाय घर जाना चुना ताकि वह अपने बच्चों की देखभाल कर सके। फिलहाल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Also Read: Siddharthnagar News: परीक्षा नियंत्रक के औचक निरीक्षण में 23 छात्र नकल करते मिले

Get real time updates directly on you device, subscribe now.