पेट्रोल-डीजल और CNG की कीमतों में भारी उछाल, नई दरें आज से लागू
Sandesh Wahak Digital Desk: वैश्विक अस्थिरता और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर अब भारतीय उपभोक्ताओं की जेब पर दिखने लगा है। शुक्रवार से राजधानी दिल्ली सहित देशभर में ईंधन के नए रेट लागू हो गए हैं। दिल्ली में पेट्रोल की कीमतों में 3.14 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे अब यह 97.77 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। वहीं, डीजल भी 3.11 रुपये महंगा होकर 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। केवल वाहन ईंधन ही नहीं, बल्कि रसोई और कमर्शियल इस्तेमाल में आने वाली CNG के दाम भी 2 रुपये प्रति किलो बढ़ा दिए गए हैं, जिसके बाद दिल्ली में इसकी नई कीमत 79.09 रुपये हो गई है।
तेल कंपनियों को हर दिन 1000 करोड़ का घाटा
ईंधन की इस कीमतों में वृद्धि के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की सप्लाई का प्रभावित होना मुख्य कारण है। मिडिल ईस्ट संकट के चलते वैश्विक बाजार में क्रूड ऑयल लगातार 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बना हुआ है। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के अनुसार, तेल कंपनियों को रोजाना 1000 करोड़ रुपये से अधिक का घाटा हो रहा था, जिसे कम करने के लिए कीमतों में बढ़ोतरी अनिवार्य हो गई थी।
इसके साथ ही, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये का 95 रुपये के स्तर को पार कर जाना भी अर्थव्यवस्था के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मौजूदा आर्थिक हालात को देखते हुए देशवासियों से ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग और अनावश्यक विदेशी खर्चों को टालने की अपील की है।

