NEET-UG परीक्षा की नई तारीख का ऐलान, अब 21 जून को होगा एग्जाम
Sandesh Wahak Digital Desk: मेडिकल के क्षेत्र में कॅरियर बनाने की चाह रखने वाले छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने घोषणा की है कि NEET-UG 2026 की परीक्षा अब 21 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। गौरतलब है कि 3 मई को हुई पिछली परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था। केंद्र सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद NTA ने दोबारा परीक्षा कराने का यह फैसला लिया है।
सुरक्षा और पारदर्शिता पर जोर
परीक्षा की सुचिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बीते गुरुवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। इस बैठक में उच्च शिक्षा सचिव, स्कूल शिक्षा सचिव और NTA के महानिदेशक समेत कई बड़े अधिकारी शामिल हुए। चर्चा का मुख्य केंद्र परीक्षा का सफल संचालन और सुरक्षा इंतजाम रहे, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे। NTA ने छात्रों को सलाह दी है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और हेल्पलाइन नंबर (011-40759000) पर ही भरोसा करें।
सीबीआई की ताबड़तोड़ कार्रवाई
दूसरी ओर, पेपर लीक की जांच कर रही सीबीआई (CBI) एक्शन मोड में है। जांच टीम ने हाल ही में राजस्थान के जयपुर और आसपास के इलाकों में संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी। इस मामले में अब तक मंगीलाल बिवाल और विकास बिवाल समेत पांच प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, राजस्थान एसओजी ने भी 150 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जिससे आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
Also Read: पेट्रोल-डीजल और CNG की कीमतों में भारी उछाल, नई दरें आज से लागू

