Punjab Kings Scenario: क्या प्लेऑफ से पहले ही पंजाब किंग्स हो जाएगी बाहर? लगातार 5 हार के बाद बदला समीकरण
Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2026 में शानदार शुरुआत करने वाली पंजाब किंग्स की राह अब मुश्किल नजर आ रही है।
पिछले सीजन में फाइनल तक पहुंचने के बाद इस बार भी टीम से बड़ी उम्मीदें थीं। कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में पंजाब ने सीजन का आगाज भी दमदार किया और लगातार 7 मैचों में अपराजेय रहते हुए पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल किया।
हालांकि, इसके बाद टीम की लय पूरी तरह टूट गई और पंजाब किंग्स को लगातार 5 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।
शुरुआती 7 मैचों में 6 जीत और एक रद्द मुकाबले के साथ टीम के खाते में 13 अंक थे, लेकिन 12 मैच खेलने के बाद भी पंजाब के अंक 13 ही हैं। ऐसे में प्लेऑफ की रेस में उसकी स्थिति नाजुक हो गई है।
प्लेऑफ का गणित क्या कहता है?
एक समय टेबल टॉपर रही पंजाब किंग्स फिलहाल चौथे स्थान पर है और अगला मुकाबला खेले बिना ही टॉप-4 से बाहर होने का खतरा भी बना हुआ है।
पंजाब के अब सिर्फ दो लीग मैच बचे हैं। प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए टीम को दोनों मैच जीतने होंगे।
17 मई: पंजाब किंग्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
23 मई: पंजाब किंग्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स
RCB के खिलाफ मुकाबला पंजाब के लिए सबसे बड़ी चुनौती माना जा रहा है, क्योंकि पिछले सीजन के फाइनल समेत लगातार तीन मैचों में टीम बेंगलुरु से हार चुकी है।

अगर यहां हार मिलती है, तो लखनऊ के खिलाफ आखिरी मैच जीतना पंजाब के लिए जरूरी हो जाएगा। हालांकि, उस स्थिति में भी टीम के अधिकतम 15 अंक होंगे और उसे अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा। दोनों मैच जीतने पर पंजाब 17 अंकों के साथ अपेक्षाकृत सुरक्षित स्थिति में पहुंच सकती है।
इन दो टीमों से सबसे बड़ा खतरा
पंजाब किंग्स के लिए सबसे बड़ा खतरा इस वक्त चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स से है। चेन्नई के 11 मैचों में 12 अंक हैं और उसका अगला मुकाबला 15 मई को लखनऊ से है।
इसके बाद CSK को गुजरात और हैदराबाद से भिड़ना है, जो उसके लिए कठिन चुनौती साबित हो सकते हैं।
वहीं, राजस्थान रॉयल्स ने भी शानदार शुरुआत के बाद लय गंवाई है। 11 मैचों में 12 अंकों वाली राजस्थान को अपने आखिरी मुकाबले दिल्ली, मुंबई और लखनऊ से खेलने हैं। अगर राजस्थान इनमें से दो या तीन मैच जीत जाती है, तो पंजाब की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
पंजाब के लिए क्या है रास्ता?
पंजाब किंग्स को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अपने दोनों मैच जीतने होंगे, साथ ही उम्मीद करनी होगी कि चेन्नई और राजस्थान अपने बचे मुकाबलों में फिसलें।
ऐसे में आने वाले कुछ दिन पंजाब के लिए करो या मरो जैसे साबित होने वाले हैं।

